- Hindi News
- 1357 विद्यार्थियों को बांटी जा चुकी है छात्रवृत्ति : डीसी
1357 विद्यार्थियों को बांटी जा चुकी है छात्रवृत्ति : डीसी
भिवानी | अनुसूचितजाति एवं पिछड़े वर्ग कल्याण विभाग द्वारा क्रियांवित डाॅ. अंबेडकर मेधावी छात्र योजना के तहत जिला में 1357 विद्यार्थियों को एक करोड़ 7 लाख रुपये की राशि बांटी जा चुकी है। डीसी डाॅ. साकेत कुमार ने बताया कि डाॅ. अंबेडकर मेधावी छात्र योजना के तहत जिला को 2 करोड़ 10 लाख रुपये प्राप्त हुए हैं। उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा इस योजना के तहत शेष राशि का वितरण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत अनुसूचित जाति के विद्यार्थियों द्वारा मैट्रिक परीक्षा में 75 प्रतिशत अंक शहरी क्षेत्र तथा ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों द्वारा 70 प्रतिशत अंक हासिल किए जाते हैं, उनको 8000 रुपये की राशि छात्रवृति के रूप में दी जाती है। इसी प्रकार 10 जमा 2 की परीक्षा में शहरी क्षेत्र के विद्यार्थी 75 प्रतिशत, ग्रामीण क्षेत्र 70 प्रतिशत अंक हासिल करते हैं तो उनको ग्रेजुएशन आर्ट्स के प्रथम वर्ष में 6 हजार, कामर्स, साइंस सभी डिप्लोमा सर्टिफिकेट कोर्सेज के लिए 8 हजार रुपये की छात्रवृति, इंजीनियर तथा अन्य तकनीकी व्यवसायिक कोर्स करने वाले विद्यार्थियों को 9 हजार रुपये तथा मेडिकल एवं अलाईड कोर्सेज करने वाले विद्यार्थियों को 10 हजार रुपये की छात्रवृति दी जाती है। डीसी ने बताया कि अनुसूचित जाति के स्नातक में शहरी क्षेत्र के विद्यार्थी 65 प्रतिशत ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थी 60 प्रतिशत अंक करने प्राप्त करने के बाद आर्ट्स, कामर्स साइंस स्नातकोत्तर के प्रथम वर्ष में 9 हजार , इंजीनियरिंग तथा अन्य तकनीकी व्यवसायिक कोर्सों के लिए 11 हजार तथा मैडिकल अलाइड कोर्सेज करने वाले विद्यार्थियों को 12 हजार रुपये की छात्रवृति दी जाती है।