पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • उत्तम नगर में छात्रा के अपहरण का प्रयास, हंगामा

उत्तम नगर में छात्रा के अपहरण का प्रयास, हंगामा

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
(उत्तम नगर कॉलोनी में लड़की के अपहरण मारपीट मामले में पकड़े गए युवकों को रोकने के लिए पुलिस से उलझते कॉलोनीवासी।)
भिवानी। उत्तमनगर बस्ती के कुछ लोगों ने वहीं रहने वाली 12वीं कक्षा की एक छात्रा के अपहरण का प्रयास किया गया। उसे छुड़ाने आए उसके दो भाइयों को अपहर्ताओं ने तलवारों से घायल कर दिया। पड़ोसियों ने बीच-बचाव किया तो अपहर्ता उन्हें भी जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। बस्ती के लोगों ने ही घायलों को अस्पताल पहुंचाया। घटना रविवार सुबह सात बजे की है। इसके बाद गुस्साए लोग अस्पताल पहुंच गए। पुलिस की लचीली कार्रवाई से नाराज नागरिकों ने सामान्य अस्पताल के आपात विभाग के बाहर खूब हंगामा किया। उन्होंने हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई और उन्हें कॉलोनी से निकालने की मांग को लेकर सामान्य अस्पताल की पुलिस चौकी घेर ली। पुलिस ने लोगों के आक्रोश को भांपते हुए तीन युवकों को राउंडअप कर लिया। मामले की सूचना मिलते ही डीएसपी अमित भाटिया सहित सिटी, सिविल लाइन और सदर पुलिस के अलावा रिजर्व फोर्स भी अस्पताल पहुंच गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम संजय राय तहसीलदार भी मौके पर पहुंच गए।
उत्तम नगर टिब्बा बस्ती निवासी पीड़िता ने बताया कि सुबह 7 बजे वह घर में अकेली थी। उसकी मां पशुओं के लिए चारा लेने गई थी और पिता अपने काम पर चले गए थे। उसके दोनों भाई घर के पास में ही थे। इसी दौरान बस्ती के ही अकबर, शेर खां, उमेश, सुदामा और सुनीता उनके घर पर आए। हथियारों के बल पर उन्होंने उसे जबरन गाड़ी में डालने का प्रयास किया। वह चिल्लाई तो पड़ोस के लोग बाहर निकल आए। इसी दौरान उसके भाई जोगेंद्र योगेंद्र भी वहां पहुंचे। युवकों ने उसके भाइयों उस पर तलवारों से हमला कर दिया और जान से मारने की धमकी देते हुए पिस्तौल लहराते हुए वे वहां से निकल गए।

अभियुक्तों के घर से पुलिस ने बरामद किए हथियार: पंचायत में मौजूद एसडीएम संजय राय डीएसपी अमित भाटिया के समक्ष बस्ती के लोगों द्वारा बार-बार अनुरोध करने के बाद ही पुलिस ने जगदीश खान उसके बेटों के पांच मकानों में सर्च अभियान चलाया। इस दौरान जगदीश खान के घर के पीछे खाली प्लाट में दबाई गई दो जंग लगी तलवारें एक फरसा मिला। पुलिस को घटना स्थल से पुलिस को सरिये खून से सनी जेली मिली।
दोपहर को हुई पंचायत : लोग बाेले-किसी सूरत में असामाजिक तत्वों को नहीं रहने देंगे बस्ती में लड़कीके अपहरण के प्रयास की वारदात के बाद रविवार दोपहर बस्ती के शिव हनुमान मंदिर में पंचायत हुई। पंचायत में उपस्थित नगर परिषद के कार्यवाहक चेयरमैन मामनचंद, रमेश टांक, भाजपा नेता मुकेश गौड़ सहित बस्ती के सभी लोगों ने एकमत से कहा कि असामाजिक तत्वों को किसी भी सूरत में अब यहां नहीं रहने दिया जाएगा। उन्होंने जिला पुलिस प्रशासन को पूरा सहयोग देने का भरोसा दिलाया। पंचायत में उपस्थित लोगों ने आरोप लगाया कि जगदीश खान उसके बेटों का पुराना आपराधिक रिकार्ड रहा है। पुलिस भी इन लोगों के साथ मिली हुई है, तभी तो करीब डेढ़ सौ मुकदमे दर्ज होने के बावजूद ये खुलेआम घूम रहे हैं और बस्ती के लोगों की नाक में दम कर रखा है।

आठ लोगों के खिलाफ दर्ज किया है मुकदमा: डीएसपी अमित भाटिया ने बताया कि पुलिस इस मामले की गहन छानबीन कर रही है। उन्होंने बस्ती के लोगों से कानून व्यवस्था और शांति बनाए रखने की अपील की। उन्हाेंने कहा कि लड़की के अपहरण का प्रयास करने वाले सभी आरोपितों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सिटी पुलिस थाना प्रभारी संदीप शर्मा ने बताया कि पीड़ित लड़की की शिकायत और बस्ती के लोगों के बयान पर आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

पूछताछ के बाद एक युवक को छोड़ने पर लगाया जाम : उत्तर नगर कॉलोनी के लोगों ने रविवार शाम साढ़े 6 बजे लोहारू रोड पर जाम लगा दिया। पुलिस ने दोपहर को लड़की के अपहरण मामले में नामजद जगदीश खान को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था, मगर शाम को उसे छोड़ दिया गया। इसी के विरोध में कॉलोनी के लोगों ने लोहारू रोड पर जाम लगा दिया। जाम की सूचना मिलते ही डीएसपी अमित भाटिया नायब तहसीलदार वीरेंद्र गिल मौके पर पहुंचे, मगर आक्रोशित लोगों की मांग है कि जगदीश खान को भी पुलिस गिरफ्तार करे। समाचार लिखे जाने तक लोग जाम पर डटे हुए थे। जाम स्थल पर भारी संख्या में पुलिस बल भी तैनात रहा।

पुलिस ने तीन आरोपित युवक किए राउंडअप : पुलिस सुबह साढ़े 9 बजे मामले में शामिल तीन युवकों को राउंडअप कर अस्पताल की चौकी में लाई। जब उन्हें पूछताछ के लिए सीआईए पुलिस के पास ले जाया जा रहा था तो गुस्साए लोगों ने चौकी पर धावा बोल दिया। पुलिस को इन्हें खदेड़ने के लिए बल प्रयोग करना पड़ा। इसके बाद पुलिस तीनों युवकों को फिर चौकी में ले गई और दरवाजा बंद कर बाहर पहरा लगा गया।