सालासर-खाटू के लिए चलेंगी सीधी बसें
भिवानी | बागकोठी स्थित जनस्वास्थ्य मंत्री घनश्याम दास सर्राफ के आवास पर पहुंचने पर शनिवार को परिवहन मंत्री कृष्ण पंवार का मंत्री ने स्वागत किया।
इस दौरान मंत्री सर्राफ ने भिवानी से खाटूश्याम सालासर के लिए दो बस सेवाएं शुरू करने की बात कही। इस पर परिवहन मंत्री ने दोनों बस सेवाएं शुरू करने की हां भर दी। सुबह नौ बजे परिवहन मंत्री कृष्ण पंवार बाग कोठी स्थित जनस्वास्थ्य मंत्री घनश्याम सर्राफ के आवास पर पहुंचे। सर्राफ ने बताया कि भिवानी के लोगों की धार्मिक स्थलों के प्रति गहरी आस्था है। हर माह हजारों लोग सालासर खाटूश्याम जाते हैं। इन दोनों धार्मिक स्थलों के लिए भिवानी से कोई सीधी बस सेवा नहीं है। एक बस रोहतक से सालासर जाती है। उसमें भी ज्यादा भीड़ रहती है। खाटूश्याम के लिए भिवानी से कोई भी बस नहीं है। इन दोनों जगहों के लिए बस सेवा शुरू की जाए।
परिवहन मंत्री ने उसी वक्त जीएम रोडवेज से इन दोनों जगहों के लिए बसों की व्यवस्था करने राजस्थान से परमिट लेने के निर्देश दिए। मंत्री सर्राफ ने बताया कि यहां से दोनों बस सेवा शुरू होने से जिले के लोग आराम से खाटूश्याम सालासर जा सकेंगे।