पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • सब्सिडी पर बीपीएल परिवारों को मिलेगा 1450 में गैस कनेक्शन

सब्सिडी पर बीपीएल परिवारों को मिलेगा 1450 में गैस कनेक्शन

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
गरीबीरेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले परिवारों के लिए खुशखबरी है। ऐसे परिवार जो अब तक सरकारी राशन डिपो पर केरोसिन लेते रहे हैं, उन्हें अब मात्र 1450 रुपये खर्च करने पर एक गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने नई योजना बनाई है। सीएसआर (कॉरपोरेट सोशल रिस्पांसिबिलिटी) योजना के तहत बीपीएल परिवार को वन टाइम सब्सिडी देनी होगी।

इसमें उसे एक गैस सिलेंडर और एक रेगुलेटर मुहैया कराया जाएगा। इस योजना में शामिल होने वाले उपभोक्ता को केवल 1600 रुपये का भुगतान करना होगा, जबकि कनेक्शन जारी करने से लेकर अन्य शुल्क उपभोक्ता से नहीं वसूले जाएंगे। विभाग की इस योजना से जिले के दो लाख से अधिक बीपीएल परिवार लाभान्वित होंगे। इतना ही नहीं इस योजना में यह भी स्पष्ट किया गया है कि जिन बीपीएल परिवारों के पास पहले से ही गैस कनेक्शन हैं, वे इसका लाभ नहीं उठा पाएंगे। ऐसे उपभोक्ताओं का केरोसिन भी डिपो पर बंद कर दिया जाएगा।

विभागीय अधिकारिक सूत्रों की मानें तो इस योजना में शहरी और ग्रामीण दोनों ही प्रकार के उपभोक्ताओं को शामिल किया गया है। ये उपभोक्ता किसी भी नजदीकी गैस एजेंसी पर पहुंचकर सीएसआर योजना का लाभ लेने के लिए निर्धारित शुल्क जमा कराकर एक गैस सिलेंडर और एक रेगुलेटर प्राप्त कर सकते हैं। योजना के अनुसार सिलेंडर के लिए 1450 रुपये जमा कराई जाएगी। इसके अलावा रेगुलेटर के लिए 150 रुपये का शुल्क लगेगा।

भिवानी जिले में पौने चार लाख राशन कार्ड धारक हैं, जिन्हें सरकारी राशन डिपो से जोड़ा गया है। इनमें 2,15,887 बीपीएल उपभोक्ताओं को रियायती दरों पर राशन के अलावा केरोसिन मुहैया कराया जाता है। इसमें वे उपभोक्ता शामिल नहीं है, जिनके पास पहले से ही गैस कनेक्शन हैं, उन्हें केरोसिन बंद कर दिया है।

{जिले के दो लाख से अधिक परिवारों को मिलेगा लाभ

सूत्रों की मानें तो बीपीएल परिवारों को सीएसआर योजना का लाभ देने के पीछे यह मंशा जाहिर की जा रही है कि सरकारी डिपो पर केरोसिन की सप्लाई बंद हो जाएगी। हालांकि अभी तक यह कयास भर हैं, लेकिन भविष्य में सरकार इस दिशा में कदम उठा सकती है, क्योंकि बीपीएल परिवारों को ही केरोसिन मुहैया कराया जा रहा है। इसमें सरकार उपभोक्ताओं से 15 रुपये प्रति लीटर की दर से बीपीएल परिवारों से शुल्क ले रही है, जबकि लगभग इतनी ही राशि की सरकार सब्सिडी भी दे रही है। अगर सभी उपभोक्ता गैस कनेक्शनधारी हो जाएंगे तो सरकार को सब्सिडी के बोझ से भी छुटकारा मिल जाएगा और केरोसिन के इस्तेमाल में भी कमी आएगी।

विभाग ने ग्रामीण क्षेत्र में पांच नई गैस एजेंसियां खोली हैं। इन ग्रामीण गैस वितरक एजेंसियों पर सीएसआर योजना के तहत ग्रामीण उपभोक्ता गैस सिलेंडर ले सकते हैं। इनमें गांव संडवा, गांव सिवानी, कादमा, बापोड़ा, बड़वा गांव धनाना की ग्रामीण गैस वितरक एजेंसियां शामिल हैं।

^ग्रामीण शहरी गैस वितरकों को सीआरएस योजना के संबंध में निर्देश जारी किए जा चुके हैं। 31 मार्च तक कोई भी बीपीएल परिवार निर्धारित शुल्क जमा कराकर एक गैस सिलेंडर रेगुलेटर प्राप्त कर सकता है। वहीं ले सकते हैं जो सरकारी डिपो से केरोसीन हासिल कर रहे हैं।’’ अनिलकुमार, डीएफएससी