- Hindi News
- प्रशिक्षु चला रहा था बस गाड़ी ने मारी टक्कर
प्रशिक्षु चला रहा था बस गाड़ी ने मारी टक्कर
बुधवारदेर शाम करीब सवा छह बजे कलानौर बस स्टैंड के समीप जिला ट्रेनिंग सेंटर की बस को पीछे से स्कार्पिओ गाड़ी ने ठोक दिया। हालांकि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। लेकिन जिस समय यह हादसा हुआ उस समय एक प्रशिक्षु इस बस को चला रहा था। स्कार्पिओ गाड़ी के चालक ने वहां हंगामा खड़ा कर दिया और कलानौर पुलिस ने रोडवेज बस को थाने के अंदर खड़ी करवा लिया। मामले की सूचना भिवानी बस स्टैंड पर यूनियन नेताओं के पास पहुंची। यूनियन नेताओं ने तुरंत कलानौर का रुख किया और वहां पहुंचकर मामले पर कड़ा संज्ञान लिया।
भिवानी में रोडवेज विभाग द्वारा जिला ट्रेनिंग स्कूल खोला हुआ है। इसमें प्रशिक्षुओं को भारी वाहन चलाने का प्रशिक्षण दिया जाता है। बुधवार शाम को भी जिला ट्रेनिंग स्कूल की एक बस 20 प्रशिक्षुओं के साथ रोहतक रोड पर निकल गई थी। देर शाम यह बस वापिस भिवानी लौट रही थी। जैसे ही कलानौर बस स्टैंड के पास यह बस पहुंची तो प्रशिक्षु ने अचानक ब्रेक पर अपना पैर दबा दिया। बस वहीं रुक गई। तेज रफ्तार से पीछे स्कार्पिओ गाड़ी रही थी। इस वजह से धमाके की आवाज के साथ गाड़ी बस के पीछे ठोक दी। स्कार्पिओ गाड़ी का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। स्कार्पिओ गाड़ी के चालक ने मौके पर पुलिस बुला ली। पुलिस ने रोडवेज बस को थाने में खड़ा कर लिया और दोनों पक्षों को आपसी सुलह के लिए थोड़ा वक्त दिया। इसी दौरान वहां पर भिवानी से यूनियन नेताओं का प्रतिनिधि मंडल भी पहुंच गया। करीब पौने सात बजे दोनों पक्षों के बीच बातचीत हुई और किसी तरह से मामले को सुलझा कर रोडवेज बस को भिवानी के लिए रवाना किया।