भिवानी। रविवार सुबह भीम स्टेडियम मार्ग पर लघु सचिवालय के समीप लगे बिजली ट्रांसफार्मर को
मारुति वैन ने टक्कर मार दी। कार की टक्कर लगने के बाद धमाके के साथ क्षेत्र की बिजली गुल हो गई और खंभे से ट्रांसफार्मर सीधा मारुति वैन पर गिरा।
गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। वैन चालक ने शराब पी रखी थी। इस कारण उसका संतुलन बिगड़ा और वैन सड़क से हटकर फुटपाथ पर लगे ट्रांसफार्मर से जा टकराई। वैन चालक गढ़ी दिल्ली निवासी अजय भिवानी के आदर्श नगर में अपने रिश्तेदार के यहां आया हुआ था। उसने रात को अधिक शराब पी ली। इसलिए सुबह तक नशा नहीं उतरा।
वह बच्चों को घुमाने के लिए रविवार सुबह वैन लेकर निकला था। वैन की टक्कर लगने से पोल भी टूट गया। गनीमत यह रही कि वैन में सवार सभी लोग सुरक्षित हैं। इस हादसे की सूचना मिलते ही निगम कर्मचारी क्षेत्र की बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने में जुट गए। देर शाम तक भी बिजली आपूर्ति सुचारु नहीं हो पाई थी। घटना की सूचना पुलिस को दी गई है।
(सचिवालय के निकट स्थित एडीसी निवास के सामने ट्रांसफार्मर से टकराई मारुति वैन।)