- Hindi News
- मुंढाल की छात्राओं से छेड़छाड़ करने में पकड़े चारों युवक रिमांड पर भेजे
मुंढाल की छात्राओं से छेड़छाड़ करने में पकड़े चारों युवक रिमांड पर भेजे
सदरपुलिस ने बोर्ड परीक्षा देकर लौट रही गांव मुंढाल खुर्द की छात्राओं के साथ छेड़छाड़ करने के मामले में गांव तालू के चार युवकों को पकड़ा है। पुलिस ने इन चारों को एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। इस मामले में मुंढाल के ग्रामीण चौकी का घेराव कर पथराव कर चुके हैं। इसके बाद ही पुलिस हरकत में आई। गांव कुंगड़ से 12वीं की बोर्ड परीक्षा देकर घर लौट रही मुंढाल खुर्द की छात्राओं के साथ गाड़ी में शुक्रवार को गांव तालू के युवकों ने अभद्रता और छेड़छाड़ की।
छात्राओं ने इसका विरोध किया तो युवकों ने उनके बाल पकड़कर गाड़ी से नीचे फेंकने की कोशिश की। इस मामले में मुंढाल की पंचायत शनिवार को मुंढाल चौकी में पहुंची, मगर पुलिस ने इस संबंध में कोई कार्रवाई नहीं की। इसके बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने पहले भिवानी-जींद मार्ग पर जाम लगा दिया और फिर मुंढाल चौकी का घेराव कर दिया। चौकी का घेराव करने के उपरांत पुलिस ने चार युवकों को राउंडअप कर लिया। इनमें गांव तालू निवासी अमित, अशोक, बिजेंद्र, अनिल शामिल हैं। चारों अभियुक्तों को पुलिस ने न्यायालय में पेश किया। पुलिस ने इन सभी को एक दिन का पुलिस रिमांड लिया है। सोमवार को फिर से इन्हें न्यायालय में पेश किया जाएगा।