- Hindi News
- पहाड़ी में डीजे पर फायरिंग की अफवाह ने पुलिस को दौड़ाया
पहाड़ी में डीजे पर फायरिंग की अफवाह ने पुलिस को दौड़ाया
पहाड़ीगांव में एक शादी के लिए बाने के कार्यक्रम में डीजे के दौरान गोलियां चलाए जाने तथा कई लोगों को गोलियां लगने की सूचना पुलिस को मिली। डीएसपी जगतसिंह मोर मौके पर पहुंचे। इस पर वहां काफी ग्रामीण एकत्रित हो गए थे परन्तु खोदा पहाड़ ओर निकली चुहिया की कहानी यहां चरितार्थ हो गई। गोली कोई पिस्तौल या बंदूक से नहीं चलाई गई थी बल्कि गांव के एक युवक ने शॉट गन से आवाज निकलवाई थी।
जानकारी के अनुसार लोहारू एसएचओ जयसिंह कोे मोबाइल पर गांव पहाड़ी के किसी युवक ने फोन कर कह दिया कि उनके गांव में गोलियां चल गई हैं। कई लोगों को गोलियां लग गई हैं तथा पिस्तौल सहित युवक को पकड़ लिया गया है। एसएचओ भिवानी में कोर्ट पेशी पर होने के चलते उन्होंने इसकी सूचना डीएसपी लोहारू जगतसिंह मोर को दी।
लोहारू पुलिस पहाड़ी गांव पहुंच गई। पहाड़ी माता मंदिर के द्वार के सामने सैकड़ों लोग एकत्रित हो चुके थे। डीएसपी मौके पर पहुंचे तथा ग्रामीणों से इस बारे में बात की। ग्रामीणों ने बताया कि गांव के दो युवकों का एक डीजे पर आपस में झगड़ा हो गया था तथा एक युवक ने शॉटगन से आवाजें निकाल दीं। गोलियां चलने की आवाजें ग्रामीणों ने सुनीं हैं। ग्रामीणों में से ही एक युवक ने पिस्ताैल चलने की आवाजें सुनकर एसएचओ को फोन कर दिया। इसी दौरान एक युवक वहां से शॉट गन लेकर अपने घर पर चला गया। कुछ देर बाद वह युवक दोबारा आया तो ग्रामीणों ने युवक को पकड़ लिया।
ग्रामीणों की गलत सूचना पर ही हो गई परेड: डीएसपी
लोहारूके डीएसपी जगतसिंह मोर ने बताया कि उनको एसएचओ के माध्यम से सूचना मिली थी कि पहाड़ी गांव में गोलियां चली हैं। उन्होंने बताया कि गोलियां नहीं चलाई गई थी बल्कि शॉट गन से आवाजें निकाली गई थी। पुलिस ने इस मामले में ग्रामीणों समक्ष ही प्लास्टिक की शॉट गन युवक से बरामद की।