भिवानी। सोमवार शाम सवा छह बजे विद्या नगर कालोनी में दूध लेकर घर लौट रही महिला के गले से दो बाइक सवार बदमाशों ने सोने की चेन झपट ली। चेन स्नेचिंग की वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाशों की महिला के साथ काफी देर संघर्ष भी हुआ, मगर बदमाश पिस्तौल के बल पर चेन छीनकर फरार हो गए। घटना की सूचना सिविल लाइन पुलिस को दी गई। चेन स्नेचिंग की घटनाओं से आक्रोशित विद्या नगर कालोनी के लोगों ने पौने सात बजे भिवानी महम मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया। जाम की सूचना मिलते ही डीएसपी अमित भाटिया मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाया। मगर लोगों का गुस्सा इतना था कि पुलिस की एक नहीं सुनी।
विद्या नगर कालोनी के मकान नंबर 80 में रहने वाले सेवानिवृत्त बीईओ जयनारायण सिवाच की पत्नी 52 वर्षीय प्रेम देवी पड़ोस में ही डेयरी से दूध लेकर वास घर लौट रही थी। जैसे ही महिला अपने मकान के पास पहुंची तो बिना नंबर नीले रंग की डिस्कवर बाइक पर सवार नकाबपोश दो बदमाश उसकी तरफ आए। बाइक पर पीछे बैठे युवक ने नीचे उतरकर उसके गले में सोने की चेन पर झपटा मार दिया।
महिला ने युवक की इस हरकत पर उसे पकड़ लिया और उसके सिर में दूध की डोली भी मार दी। इस दौरान सोने की चेन जमीन पर गिर गई और महिला ने शोर मचा दिया। मगर बदमाश ने चेन को उठाया और महिला को धक्का देकर आगे बढ़ गए। इसी दौरान शोर सुनकर अनिल सांगवान ने ईंट उठाकर बाइक सवार बदमाशों की तरफ उछाली तो एक बदमाश ने कहा कि गोली मार दो। पिस्तौल लहराते हुए चेन स्नेचिंग की वारदात को अंजाम देकर बदमाश भाग गए। विद्या नगर के लोगों ने महम रोड पर जाम लगा दिया। लोगों ने चेतावनी दी है कि अगर तीन दिन के अंदर बदमाशों को पकड़कर चेन बरामद नहीं की गई तो फिर जाम कर देंगे।
युवकों पर शक हुआ पर नहीं कर पाई बचाव : बजरंग कॉलोनी निवासी अमित की पत्नी रूचिका के गले से बाइक पर सवार दो युवकों ने चेन झपट ली। वे युवक एमसी कॉलोनी की ओर जाने वाले रास्ते की ओर फरार हो गए। यह घटना सोमवार रात साढ़े आठ बजे की है। अमित ने बताया कि सोमवार रात उसकी बेटी को मकान में गर्मी लग रही थी। इसलिए वह अपनी मां को मकान से बाहर ले जाने के लिए जिद करने लगी। इस पर उसकी पत्नी रूचिका उसकी बेटी को लेकर गली में घूमने लगी। इसी दौरान उसकी पत्नी ने एक प्लेटिना बाइक लिए खड़े दो युवकों को देखकर कुछ शक हुआ पर बचाव से पहले उन युवकों ने बाइक स्टार्ट की और उसकी पत्नी के पास से निकलते हुए उसके गले से सोने की चेन झपट ली और एमसी कॉलोनी की ओर जाने वाले रास्ते से होते हुए उसकी आंखों से ओझल हो गए।
रात सवा आठ बजे चेन स्नेचिंग के बाद 10 मिनट बाद दूसरी वारदात
भिवानी | विद्यानगर में रात करीब सवा आठ बजे चेन स्नेचिंग की वारदात को अंजाम देने के बाद बाइक सवार बदमाशों ने 10 मिनट बाद ही सेक्टर 23 में मकान के आगे बच्चों को घुमा रही महिला के गले से चेन झपट ली। बदमाशों ने महिला को पिस्तौल दिखाकर चेन स्नेचिंग की और फिर भाग गए। सेक्टर 23 के मकान नंबर 941 में रहने वाली बबीता देर शाम को सड़क पर बच्चों के साथ टहल रही थी। इसी दौरान दो बाइक सवार उसके पास आए और उसकी तरफ पिस्तौल तान दी। एक बदमाश ने उसके गले से सोने की चेन झपट ली। बबीता कुछ समझ पाती, इससे पहले ही बदमाश भाग गए। पुलिस ने बबीता का बयान दर्ज कर इस संबंध में बदमाशों के खिलाफ चेन स्नेचिंग का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दोनों चेन स्नेचिंग की वारदात दस से 15 मिनट के अंतराल में ही हो गई।
विद्यानगर, सेक्टर 23 और बजरंग कॉलोनी में सोमवार रात को बाइक सवारों ने दिया वारदातों को अंजाम ।
विद्या नगर निवासी महिला प्रेम देवी की चेन छीनने के बाद बयान दर्ज करता पुलिसकर्मी।
कुछ मिनटों में दूसरी घटना ।