पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • थाने के लॉकअप में बंद चोरी का आरोपी फरार

थाने के लॉकअप में बंद चोरी का आरोपी फरार

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
बवानी खेड़ा। बुधवार सुबह पुलिस थाने के लॉकअप में बंद चोरी का आरोपी फरार हो गया। पुलिस ने सिपाही फरार चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। इसके बाद देर शाम चोर को बागनवाला में उसकी बहन के घर से पकड़ लिया गया। बवानी खेड़ा पुलिस ने दो माह पहले गांव कुंगड़ निवासी कृष्ण की मोटरसाइकिल चोरी होने पर उसकी शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया था।
पुलिस को मंगलवार शाम को चोरी का मोटरसाइकिल गांव में होने की सूचना मिली। इस पर पुलिस ने गांव कुंगड़ पहुंचकर सिवाड़ा निवासी नरेंद्र को पकड़ लिया। पुलिस ने उसे लॉकअप में बंद कर दिया। बुधवार सुबह चोरी आरोपी नरेंद्र ने शौच जाने के लिए उस समय ड्यूटी पर तैनात सिपाही किरण को कहा। किरण उसे शौचालय ले गया और शौच आदि से निवृत्त होने के बाद उसे पुन: लॉकअप में बंद कर दिया।

पुन: लॉकअप में बंद करने के बाद सिपाही किरण लॉकअप की सांकल सही तरह से नहीं लगा पाया। इस का फायदा उठाकर चोर लॉकअप से भाग गया। जिस समय चोरी का आरोपी लॉकअप से भागा उस समय थाने में पांच या छह कर्मचारी थे, जो अपने-अपने कार्य में लगे हुए थे।

इंचार्ज समेत छह कर्मचारी थे बाहर : बुधवार को क्षेत्र के तीन स्कूलों में रोड सेफ्टी की परीक्षा थी। परीक्षा के संचालन के लिए थाना इंचार्ज समेत छह कर्मचारी स्कूलों में गए हुए थे। थाना इंचार्ज अजीत सिंह ने बताया कि सिपाही लॉकअप की सांकल सही तरह से बंद नहीं कर पाया तथा ताला लगा दिया। उसने कहा अगर सिपाही ताला लगाने के बाद जांच करता तो चोर फरार नहीं होता। इसके लिए सिपाही किरण के खिलाफ भादसं की धारा 223 चोरी के आरोपी के खिलाफ 224 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने रात करीब आठ बजे चोर को बागनवाला में उसकी बहन के घर से गिरफ्तार कर लिया।

बवानीखेड़ा थाने के लॉकअप की गलत तरीके से बंद थी सांकल, जिस वजह से चोरी का आरोपी फरार हुआ। हालांकि उसे दोबारा पकड़ लिया गया।
- सिपाही और चोर के खिलाफ केस दर्ज, पुलिस ने आरोपित को रात आठ बजे बागनवाला से किया गिरफ्तार।