पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

पत्नी बोली, मुंहबोले भाई ने उजाड़ दिया मेरा सुहाग

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भिवानी . नांगलगांव के नजदीक छह सितंबर की सुबह एक जलती हुई लाश मिली थी। इसकी सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को दी थी। पुलिस ने सूचना के आधार पर उस शव को कब्जे में लेकर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी। उस दौरान पुलिस को बोरी में मिली जलती हुई लाश के हाथ में एक धातु का छल्ला मिला था। दूसरी ओर फोटोग्राफर कमीशन एजेंट बलबीर पांच सितंबर को घर से निकला था।
इसलिए पुलिस का शक है कि कहीं छह सितंबर की सुबह नांगल गांव के पास रामफल नंबरदार के खेत में जलती हुई लाश बलबीर की तो नहीं है।

उस मामले में पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया तो उससे यह सामने आया था कि मृतक की हत्या गला घोंटकर करने के बाद उसकी लाश को जलाया गया था। इसलिए हो सकता है कि वह लाश बलबीर की ही हो।
इस बारे में गायब बलबीर की पत्नी अनिता की मानें तो उसके मुंहबोले भाई नसीब ने गुरुवार शाम यह बताया था कि उसने उसके पति की हत्या कर उसके शव को जला दिया था। इस बात को ध्यान में रखते हुए पुलिस का शक भी इस ओर है।सदर थाना प्रभारी लीलाराम ने बताया कि उन्होंने जली हुई लाश का पोस्टमार्टम कराया तो उसमें यह साबित हुआ था कि मृतक की हत्या गला घोंटकर की गई थी।
इसके अलावा उसके हाथ में एक धातु का छल्ला भी था। वहीं सिविल लाइन थाना प्रभारी कुलदीप ने बताया कि पुलिस भी छह सितंबर को नांगल गांव के पास जलती हुई लाश को बलबीर की मानते हुए इस दिशा में जांच कर रही है।
दूसरी ओर डीएसपी अमित भाटिया ने बताया कि नांगल गांव के पास जलती मिली लाश बलबीर की साबित हुई तो इससे पुलिस उस ब्लाइंड मर्डर को भी सुलझा लेगी। मगर इन दोनों ही मामलों में अब पुलिस के सामने अहम कड़ी नसीब है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
पुरानाबस स्टैंड क्षेत्र निवासी बलबीर को उसकी ही पत्नी के मुंहबोले भाई रासीवास के नसीब ने मार दिया था। यह आरोप पांच सितंबर से लापता बलबीर के पत्नी ने शुक्रवार को लगाया। 40 साल के बलबीर का एक हफ्ते बाद भी कोई सुराग नहीं है। मामले में पूरी जांच की मांग को लेकर थाने पहुंचे परिजनों का कहना है कि आरोपी ने खुद बलबीर को मारने की बात कबूली है और उसके बाद से वह फरार है। उधर, बलबीर के लापता हाेने और हत्या की आशंका की खबर के बाद पुराना बस स्टैंड क्षेत्र की दुकानें शुक्रवार को बंद रहीं। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है।

पुराना बस स्टैंड क्षेत्र निवासी फोटोग्राफर और कमीशन एजेंट बलबीर पांच सितंबर को घर से निकला था। तब से उसका कोई अतापता नहीं है। उसके भाई मुकेश ने बताया कि पांच सितंबर को उसके भाई बलबीर को रासीवास का नसीब अपने साथ यह कहकर ले गया था कि वह उसे गुड़गांव में कोई अच्छी नौकरी दिला देगा। बलबीर की पत्नी दिनोद गेट निवासी अनीता के भाई साधु और रासीवास निवासी नसीब शादी से पहले से ही धर्मभाई बने हुए थे। इस कारण अनीता भी नसीब को अपना मुंह बोला भाई मानती थी।
नसीब का बलबीर के घर भी आना-जाना था। इसलिए बलबीर नसीब के साथ गुड़गांव नौकरी की तलाश में गया था। लेकिन उसके बाद से बलबीर के बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं मिली तो अनीता ने ही अपने मुंहबोले भाई से गुरुवार शाम इस बारे में पूछताछ की। इस पर नसीब ने अनीता से कहा कि उसने उसके पति की हत्या कर उसके शव को खुर्द बुर्द कर दिया। इसलिए अगर उन्होंने इस बारे में कहीं शिकायत की तो वह उनके परिजनों की भी हत्या करा देगा। दूसरी ओर वे बलबीर के बारे में सात सितंबर से ही जानकारी जुटाने में लगे हुए थे।
इस दौरान बलबीर का मोबाइल भी बंद रहा था। इसी कड़ी में जब अनीता ने इस बारे में उन्हें बताया कि नसीब ने उसके पति की हत्या करने की बात कही है तो वे शुक्रवार को सिविल लाइन थाने पहुंचे। इस दौरान उनके साथ कुम्हार समुदाय के लोग भी थे। लोगों ने इस मामले में नसीब पर बलबीर की हत्या का आरोप लगा उसे गिरफ्तार करने की मांग की।