बल्लभगढ़. इंटरनेट बैंकिंग के जरिए एक व्यवसायी को करीब 10 लाख रुपए का किसी ने चूना लगा दिया। थाना सूरजकुंड पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। नई दिल्ली निवासी राजू बैरवा ने पुलिस को बताया कि 30 नवंबर 2013 को वह अपने पैतृक गांव बांदी राजस्थान गए थे। इसके बाद 3 दिसंबर 2013 को वह वापस दिल्ली आ गए थे। राजू के अनुसार इस दौरान उनका मोबाइल फोन बंद हो गया था। मोबाइल कंपनी में फोन कर उन्होंने अपना फोन दोबारा चालू कराया तो उस पर आए संदेश से पता चला कि एचडीएफसी बैंक चार्म वुड विलेज से उनके बैंक खाते से 4 लाख 51 हजार और एचडीएफसी बैंक मोहन कोऑपरेटिव बदरपुर बॉर्डर के खाते से 5 लाख 80 हजार रुपए निकाल लिए गए हैं।
इस रकम को उन्होंने नहीं निकाला। इसके बाद वह अपने स्तर पर बैंक की दोनों शाखाओं में जाकर पूछताछ करते रहे। लेकिन बैंक कर्मियों ने उन्हें कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया। राजू का कहना है कि किसी ने उनके खातों से यह रकम इंटरनेट द्वारा अपने खाते में ट्रांसफर कर ली है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।