- Hindi News
- सराय ख्वाजा के पास जल्द खुलेगा सीएनजी स्टेशन
सराय ख्वाजा के पास जल्द खुलेगा सीएनजी स्टेशन
बल्लभगढ़| नेशनलहाइवे पर सराय ख्वाजा के निकट जल्द ही एक और सीएनजी रिफिलिंग स्टेशन खुलने जा रहा है। इसके लिए अडानी कंपनी ने कवायद शुरू कर दी है। कंपनी अधिकारियों के मुताबिक यह जिले में 10वां सीएनजी रिफिलिंग स्टेशन होगा। यह स्टेशन दिल्ली की तरफ जाते समय हाइवे के किनारे बनेगा। अभी तक हाइवे पर 5 सीएनजी रिफिलिंग स्टेशन हैं। जबकि 4 शहर के अंदरूनी इलाकों में हैं।
12स्टेशन खोले जाने हैं: सीएनजीसप्लाई करने वाली अडानी कंपनी को फरीदाबाद में कुल 12 स्टेशन लगाने की मंजूरी मिली हुई है। कंपनी ने अभी तक कुल 9 स्टेशन बना दिए हैं। कंपनी अधिकारियों के मुताबिक इन स्टेशनों से रोज करीब 1 लाख 30 हजार किलोग्राम सीएनजी सप्लाई हो रही है। करीब 30 हजार सीएनजी चलित वाहन जिले में हैं। कंपनी ने फिलिंग स्टेशन लगाने के लिए नगर निगम से गुडग़ांव सूरजकुंड रोड पर भी दो साइटों की मांग की है। कंपनी को अभी ये प्लॉट नहीं मिले हैं। इन दोनों रोड से रोज हजारों वाहन गुजरते हैं। नगर निगम से प्लॉट नहीं मिलने पर कंपनी ने अब नेशनल हाइवे स्थित पेट्रोल पंपों पर ही सीएनजी स्टेशन लगाए जाने की तैयारी शुरू कर दी है।
कहां हैं सीएनजी स्टेशन
फरीदाबाद में अभी बाइपास रोड पर सेक्टर 9, सेक्टर 17 और सेक्टर 24 में सीएनजी स्टेशन लगे हुए हैं। नेशनल हाइवे पर क्राउन प्लाजा के सामने, सेक्टर 20 बी, अजरौंदा चौक, एस्कॉर्ट्स कंपनी के सामने, वाईएमसीए के निकट यामाहा फैक्ट्री के सामने रिफिलिंग स्टेशन है। एक सीएनजी स्टेशन हरियाणा रोडवेज की बसों के लिए बल्लभगढ़ डिपो में बना हुआ है।
हजारों वाहन चालकों को फायदा
सराय ख्वाजा के निकट नया सीएनजी स्टेशन खुलने से इलाके के हजारों सीएनजी वाहन चालकों को फायदा होगा। सीएनजी उपभोक्ता अनिल प्रदीप का कहना है कि सीएनजी स्टेशनों की संख्या जरूरत के मुताबिक कम होने से वाहन चालकों को अभी सीएनजी रिफिलिंग लंबी लाइनों में लग कर करानी पड़ती है। इससे वाहन चालकों का काफी समय बर्बाद हो जाता है। नया स्टेशन खुलने से काफी हद तक लंबी लाइन से छुटकारा मिलेगा। उपभोक्ता राजेश नवीन का कहना है कि कंपनी को ज्यादा से ज्यादा सीएनजी स्टेशन जिले में लगाने चाहिए क्योंकि लगातार सीएनजी वाहनों की संख्या में इजाफा हो रहा है। कम स्टेशन होने के कारण लोगों को लंबी लाइनों में लगकर वाहनों में सीएनजी भरानी पड़ती है।
क्या कहते हैं कंपनी अधिकारी
कंपनी के वाइस चेयरमैन भातिश ढोलकिया के अनुसार जिले में कुल 12 स्टेशन तैयार होने हैं। अभी तक कंपनी 9 स्टेशन तैयार हो चुके हैं। 10वां स्टेशन सराय ख्वाजा के निकट लगाया जा रहा है। इसके बाद दो और स्टेशन लगाने के लिए जमीन की तलाश की जाएगी। करीब 30 हजार वाहन रोज सीएनजी लेते हैं।