मतदान के लिए छात्रों को किया जागरूक
फरीदाबाद | विधानसभाचुनाव में जिले के सभी मतदाताओं विशेषकर युवा मतदाताओं की भागीदारी को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बडख़ल विधानसभा क्षेत्र के रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम फरीदाबाद महाबीर प्रसाद ने सूरजकुण्ड रोड स्थित मानव रचना इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी में मत तथा मतदान विषय पर छात्र-छात्राओं को जागरूक करने के उद्देश्य से सेमिनार का आयोजन किया। इस दौरान विद्यार्थी मतदाताओं को जागरूक करते हुए उनसे अपील की गई कि वे विधानसभा चुनाव में अपने मत का प्रयोग सुनिश्चित कर देश के लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा युवा देश का भविष्य होते हैं। इसलिए उन्हें चाहिए कि वे अपने साथ-साथ अपने मित्र सहयोगियों को भी मतदान करने के लिए जागरूक और प्रेरित करें। मानव रचना यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर डा. एनसी वधवा, संस्थान में समाज शास्त्र की प्रो. गुरप्रीत कौर तथा प्रो. किलम सहित यूनिवर्सिटी के कई अन्य प्रवक्ताओं द्वारा भी मतदाता जागरूकता विषय पर युवाओं को संबोधित किया गया। वधवा ने रिटर्निंग अधिकारी महाबीर प्रसाद को आश्वासन देते हुए कहा कि इस प्रकार के मतदाता जागरूकता कार्यक्रम के फलस्वरूप उनकी यूनिवर्सिटी के सभी मतदाता छात्र-छात्राएं विधानसभा आम चुनाव के दिन अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।