- Hindi News
- दावों की उड़ीं धज्जियां, सिर्फ 11 बजे तक खुले कैश काउंटर
दावों की उड़ीं धज्जियां, सिर्फ 11 बजे तक खुले कैश काउंटर
सरकारीछुट्टी होने के बाद भी बिजली निगम के एसई ने उपभोक्ताओं की सहूलियत के लिए घोषणा की थी कि गुरुवार को भी सामान्य दिनों की तरह जिले के सभी कैश काउंटर खोले जाएंगे। इससे उपभोक्ता अपना बिल जमा करा सकें। उन्हें कोई परेशानी हो। लेकिन गुरुवार को कई जगह इन आदेशों की धज्जियां उड़ाई गईं। कई सेंटर में सिर्फ 11.30 बजे के बाद कैश काउंटर बंद कर दिए गए। इससे बिल जमा कराने आए उपभोक्ताओं को निराश होकर लौटना पड़ा।
इस संबंध में उपभोक्ताओं ने सबडिवीजन के एक्सईएन को शिकायत कर दी। संबंधित सेंटर पर 11 बजे के बाद सिर्फ चेक द्वारा ही बिजली बिल रिसीव किए जा रहे थे। ओल्ड फरीदाबाद निवासी अतुल ने कहा कि वर्किंग होने से वह अपना बिल जमा नहीं करा पाए थे। निगम के घोषणा से उन्हें काफी राहत मिली। लेकिन करीब 11.30 बजे सेक्टर- 19 स्थित वेस्ट सब डिवीजन कार्यालय पहुंचे तो वहां कैश काउंटर पर बिजली बिल लेने से मना कर दिया गया।
वहां मौजूद कर्मचारी का कहना था कि अब बस चेक से पेमेंट देने वाले का ही बिजली बिल जमा किया जा रहा है। कैश पेमेंट नहीं होगी। इसलिए अब उन्हें दूसरे दिन आना होगा। तभी उनका बिल जमा हो सकेगा। जब उन्होंने जवाब दिया कि निगम के एसई की ओर से सामान्य दिनों की तरह ही बिजली बिल जमा कराने की छूट दी है तो कर्मचारी ने कोई जवाब नहीं दिया। ऐसे में अतुल को बिना बिल जमा कराए ही घर लौटना पड़ा। इस संबंध में ओल्ड फरीदाबाद डिवीजन के एक्सईएन पीके चौहान ने कहा कि वह इस मामले की जांच करेंगे।