यमुना रक्षक दल का सत्याग्रह आज
अंतरराष्ट्रीयस्वयंसेवक दिवस के उपलक्ष्य में दिल्ली के नजफगढ़ नाले पर यमुना भक्त रविवार को सत्याग्रह करेंगे। यमुना रक्षक दल के सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं सहित आज जनता भी इसमें भागीदारी रहेगी। दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष संत जयकृष्ण दास की अध्यक्षता में शनिवार को हुई बैठक में निर्णय लिया गया कि पलवल सहित खादर फरीदाबाद जिले से काफी संख्या में कार्यकर्ता इसमें हिस्सा लें। इसके लिए सभी को वाहनों से पहुंचने का आह्वान किया गया। पलवल फरीदाबाद जिले के प्रभारी यमुना रक्षक दल के राष्ट्रीय सचिव कंवर राजेश सिंह ने कहा कि नजफगढ़ नाला दिल्ली का सबसे बड़ा नाला है जिसमें दिल्ली की संपूर्ण गंदगी उस नाले में गिरती है। यह नाला आगे जाकर यमुना नदी में मिल जाता है। जिससे यमुना का जल जहरीला हो रहा है। उन्होंने कहा कि 11 मार्च से 21 मार्च 2015 तक चलने वाली यमुना बचाओ पदयात्रा में लाखों लोग दिल्ली में यमुना मुक्तीकरण शुद्धिकरण के लिए पहुंचेंगे अनिश्चितकालीन सत्याग्रह करेंगे। बैठक में दिल्ली से हरदयाल कुशवाह, संजय यादव, शिवकुमार प्रेमी, प्रमोद कुमार आदि मौजूद थे।