- Hindi News
- सांस्कृतिक कार्यक्रमों पर नन्हे मुन्नों ने मोहा मन
सांस्कृतिक कार्यक्रमों पर नन्हे-मुन्नों ने मोहा मन
सेक्टर15-ए स्थित विद्या मंदिर पब्लिक स्कूल के वार्षिकोत्सव उमंग-तरंग, एक जश्न-ए बचपन की द्वितीय श्रृंखला में कक्षा चार के बच्चों ने ‘मीरा-एक अदभुत शक्ति का सुंदर कार्यक्रम प्रस्तुत किया। इसमें बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सबका मन मोह लिया। प्रधानाचार्य आनंद गुप्ता ने दीपशिखा प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम की प्रस्तुति ‘गोविंद बोलो हरि गोपाल बोलो के सुमधुर संगीत से हुई। इस कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण मीरा के जीवन पर आधारित श्री कृष्ण की भक्ति का सुंदर चित्र प्रस्तुत करते हुए बच्चों ने अभिभावकों को भाव-विभोर कर दिया। मीरा के जीवन की एक सुंदर झांकी एवं राजस्थानी संस्कृति का समावेश लघु नाटिका प्रस्तुत कर सभी दर्शकों को आश्चर्यचकित कर दिया। छात्र मोहन के बांसुरी वादन ने सभागार को श्री कृष्ण के भक्ति रस से परिपूर्ण कर दिया। वहीं राजसी ठाठ-बाठ को त्याग श्री कृष्ण की भक्ति में लीन मीरा के भजन ‘मेरे हैं गिरधर गोपाल, सावरे दर्शन दीजो, कान्हा-कान्हा, जन्माष्टमी आई रे और मन-मोहना ने सभागार में बैठे दर्शकों का मन मोह लिया। प्रधानाचार्य आनंद गुप्ता ने बच्चों द्वारा प्रस्तुत किए गए इस कार्यक्रम की तहे दिल से प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि हमें अपनी प्राचीन संस्कृति एवं मूल्यों को आज के परिवेश में भी बनाए रखना चाहिए। अंत में बच्चों को उनकी विशेष उपलब्धियों एवं शैक्षिक गतिविधियों के लिए पुरस्कृत किया गया।
सेक्टर-15 स्थित विद्या मंदिर स्कूल में कार्यक्रम प्रस्तुत करते बच्चे।