फरीदाबाद. एनएच-3स्थित मेडिकल कॉलेज के ईएसआई अस्पताल में अब 12 घंटे एक्स-रे ब्लड टेस्ट की सुविधा दी जाएगी। इससे यहां इलाज के लिए आने वाले मरीजों को काफी राहत मिलेगी। अस्पताल प्रशासन के अनुसार मरीजों की संख्या बढ़ने पर इस सुविधा को 24 घंटे के लिए शुरू कर दिया जाएगा। ऐसे में मरीज की जांच को लेकर कोई परेशानी नहीं होगी। अस्पताल में टेस्टिंग की सुविधा अब सुबह 9 से रात के 9 बजे तक मिलेगी। पहले यह सुविधा केवल छह घंटे मिलती थी।
अस्पताल में 150 पैरामेडिकल स्टाफ की नियुक्ति कर ली गई है। इसमें 70 नर्स, 45 नर्सिंग ऑर्डिनरी, 7 लैब तकनीशियन, 4 फार्मासिस्ट, 3 रेडियोग्राफर, 4 ओटी तकनीशियन है। स्टाफ की नियुक्ति के बाद अस्पताल प्रबंधन ने एक्स-रे ब्लड टेस्ट की सुविधा की समय सीमा बढ़ा दिया है। अब अस्पताल में कार्ड होल्डरों को यह सुविधाएं 12 घंटे दी जाएंगी। इससे कार्ड होल्डरों को काफी राहत मिलेगी। अस्पताल प्रशासन ने कहा कि हमारे पास पर्याप्त पैरामेडिकल स्टाफ है।
तकनीशियन की ऑनकॉल ड्यूटी
एक्स-रेब्लड टेस्ट सुविधा की मरीजों की सुविधा अनुसार दी जा रही है। इसके अलावा एक लैब तकनीशियन की ऑन कॉल ड्यूटी भी लगाई गई है। ताकि इमरजेंसी के समय कार्ड होल्डरों को किसी भी तरह की दिक्कत नहीं हो। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि मरीजों की संख्या बढ़ने पर आने वाले दिनों में इन सुविधाओं को 24 घंटे के लिए शुरू कर दिया जाएगा। पैरामेडिकल स्टाफ की कमी के वजह से अभी तक अस्पताल में सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक ही एक्स-रे ब्लड टेस्ट की सुविधा दी जा रही थी। इसके कारण कार्ड होल्डरों को काफी दिक्कत होती थी।