बच्चों को दी ट्रैफिक नियमों की जानकारी
राजीव कालोनी स्थित फौगाट पब्लिक प्रांगण में ट्रैफिक ताऊ ने बच्चों को ट्रैफिक नियमों के बारे में जानकारी दी। उन्हें ट्रैफिक नियमों का पालन करने के प्रति जागरूक किया। इसके अलावा छात्राओं की सुरक्षा को लेकर जागरूक किया। ट्रैफिक ताऊ बने एएसआई वीरेंद्र सिंह बल्हारा ने स्कूली विद्यार्थियों को ट्रैफिक सिग्नल जेबरा क्रासिंग, हेलमेट पहनना अनिवार्य, कार में सीट बेल्ट का प्रयोग, मोटरसाइकिल स्टंट करने, शराब पीकर नशे की हालात में वाहन चलाने अनधिकृत हॉर्न या साइलेंसर से पटाखे जैसी आवाज निकालने जैसी हरकतों से बाज आने जैसी विभिन्न जरूरी हिदायतें दी। ट्रैफिक ताऊ ने उन्हें ट्रैफिक संबंधी जानकारी या शिकायत के लिए ट्रैफिक वाट्स-अप का नंबर भी बताया। इसके अलावा महिलाओं की सुरक्षा हेतु मनचलों छेड़छाड़ करने वालों की जानकारी शिकायत करने के लिए वाट्स-अप नंबर 9953261091 बताया।
ट्रैफिक ताऊ ने बताया कि स्कूल से घर जाते या आते समय लड़कियां रास्ते में अगर कोई दिक्कत या परेशानी महसूस करती हैं, तो स्कूल के प्रधानाचार्या को बताएं। या अपने अभिभावकों के माध्यम से शिकायत दर्ज कराएं। राह चलती लड़कियों से अश्लील फब्तियां कसना, तंग करने की नीयत से फोन करना, मोटरसाइकिल से पीछा करना, राह तकना आदि घटनाओं को समाप्त करने की नीयत से संयुक्त पुलिस आयुक्त भारती अरोड़ा के दिशा निर्देश में ये वाट्स-अप नंबर जारी किए गए हैं। कार्यक्रम के लिए फौगाट स्कूल के निदेशक सतीश फौगाट ने ट्रैफिक ताऊ की कार्यशैली की प्रशंसा की।
इस मौके पर स्कूल उपप्रधानाचार्य सुमन रानी, दीपचन्द्र, सुनील, बालकृष्ण, नरेश, उमेश, कुणाल, माया आदि मौजूद थे।