- Hindi News
- तीन युवकों ने हथियार से वार कर बाइक लूटी
तीन युवकों ने हथियार से वार कर बाइक लूटी
नेशनलहाइवे पर अनंगपुर डेयरी के पास हथियार से वार कर बाइक लूटने के आरोप में सराय ख्वाजा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। घटना को तीन युवकों ने अंजाम दिया था। घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। मकान नंबर-जी 282, मोहन बाबा नगर दिल्ली में रहने वाले फिरोज खान ने सराय ख्वाजा थाने में दी शिकायत में बताया कि वह सेक्टर-31 स्थित ध्रुव ग्लोबल नामक कंपनी में जॉब करता है। 25 सितंबर की रात करीब साढ़े नौ बजे वह बाइक पर सवार होकर कंपनी से घर जा रहा था। अनंगपुर डेयरी के पास तीन युवक सड़क के बीच चलते हुए दिखाई दिए। उन्हें बचाने के लिए उसने ब्रेक लगा दी। तभी तीनों युवक उस पर टूट पड़े। एक युवक ने नुकीली चीज से उसके पैर और पेट पर वार कर दिया। वार होते ही वह सड़क पर गिर गया। इसके बाद तीनों युवक उसकी बाइक लेकर फरार हो गए। सराय ख्वाजा थाने से मामले की जांच कर रहे एएसआई असमन सिंह का कहना है कि युवक आसपास के ही हो सकते हैं। किसी युवक ने नकाब नहीं पहना था। युवकों की तलाश में एक टीम का गठन कर दिया गया है।