- Hindi News
- पुलिस की सुरक्षा में सेंध स्नैचर्स कर रहे वारदात
पुलिस की सुरक्षा में सेंध स्नैचर्स कर रहे वारदात
विधानसभाचुनाव के चलते पुलिस की कड़ी नाकाबंदी के बाद भी शहर में चेन स्नैचर्स के हौसले बुलंद हैं। मथुरा रोड पर मिलन वाटिका के समीप एक महिला के गले से बाइक सवार दो युवक चेन छीन कर फरार हो गए। युवकों ने महिला को धक्का देकर गिरा दिया। इसी प्रकार एक अन्य मामले में तिरखा कॉलोनी के समीप भी बाइक सवार बदमाशों ने एक महिला से उसका पर्स छीन लिया। पर्स में करीब 7 हजार रुपए कागजात आदि थे।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की, लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं लग सका। सेक्टर-11 निवासी निर्मला ने पुलिस को बताया कि सुबह करीब साढ़े नौ बजे वह किसी काम से फरीदाबाद गई थीं। जब वह वहां से लौट रही थीं तो रास्ते में मिलन वाटिका के पास बाइक पर दो लोग आए। इस दौरान पीछे बैठे युवक ने गले में झपट्टा मारा तो महिला ने विरोध किया। इस पर युवक ने उसे धक्का देकर गिरा दिया और चेन छीनकर फरार हो गए। निर्मला ने मामले की सूचना पति तथा पुलिस को दी। सेक्टर-7 थाने की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। पुलिस ने निर्मला की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। बदमाशों की पुलिस तलाश कर रही है। एक अन्य मामले में तिरखा कॉलोनी के समीप रिक्शे पर सवार होकर घर लौट रही युवती से मोटरसाइकिल पर आए दो युवकों ने पर्स मोबाइल फोन छीन लिया। घटना के वक्त युवती मोबाइल पर बात कर रही थी। तिरखा कॉलोनी निवासी राजबाला शनिवार दोपहर सेक्टर-3 हुडा मार्केट में किसी काम से आई थी। काम निपटा कर वह मार्केट से रिक्शे में घर लौट रही थी।
युवती रिक्शे में बैठे-बैठे मोबाइल पर बात करते हुए जा रही थी। जब वह कॉलोनी के पास पहुंची तो पीछे से मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक आए और झपट्टा मारकर उसके हाथ में पकड़ा उसका पर्स छीन लिया। युवती कुछ समझ पाती, तब तक झपटमार बाइक से भाग गए। युवती के शोर मचाने पर कुछ लोगों ने झपटमारों का पीछा कर पकड़ने का प्रयास भी किया लेकिन उन्हें कामयाबी नहीं मिली। युवती के मुताबिक पर्स में 7 हजार रुपए कुछ कागजात थे। मामले की शिकायत पुलिस को दी गई। पुलिस जांच कर रही है।