फरीदाबाद। सेक्टर-15ए विद्या मंदिर पब्लिक स्कूल में वार्षिकोत्सव उमंग-तरंग की श्रृंखला में प्रथम कक्षा के बच्चों ने अपनी प्रस्तुति से सबका मन मोह लिया। उन्होंने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों को प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं। इस कार्यक्रम में बच्चों ने ‘अस्तित्व मेरी पहचान‘ बताते हुए बचपन के महत्वपूर्ण क्षणों, उनके जीवन में माता-पिता अध्यापक के सहयोग को विभिन्न गीतों के माध्यम से दर्शाया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रिंसिपल आनंद गुप्ता ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने बच्चों की प्रस्तुति की सराहना की। साथ ही उन्हें सम्मानित किया। उन्होंने कहा, ये बच्चे स्कूल रूपी बगिया के वे फूल हैं, जो अपनी सुगंध से सारे वातावरण को महकाते रहते हैं। जब बच्चों ने ‘मां प्यारी मां‘ गीत पर थिरकते हुए अपने भावों काे प्रकट किया तो सभी दर्शक भावविभोर हो उठे। बच्चों ने ‘हम भारतीय‘ नृत्य नाटिका प्रस्तुत कर एक सच्चे भारतीय होने का संदेश भी दिया। इस मौके पर अंजलि गुप्ता, मोनिका कॉहलान अन्य शिक्षाविद् भी मैजूद थे।
(फोटो- सेक्टर-15 स्थित विद्या मंदिर स्कूल में सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करते बच्चे।)