भारतीय कोरियन संस्कृति ने मन मोहा
फरीदाबाद| एसओएसचिल्ड्रंस विलेज में मनोरंजक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें भारतीय और कोरियन संस्कृति ने सभी का मन मोह लिया। समारोह में मुख्यातिथि कोरियन कल्चर सेंटर इंडिया के निदेशक किम कुम-प्यॉन्ग रहीं। कोरिया के मासिल थिएटर द्वारा परफॉर्मेंस इस कार्यक्रम की खासियत थी। उन्होंने एक संगीतमय नाटक रन, रन, रन-2 रिडल जार परफॉर्म किया। इस प्ले के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि इंसान अपने दैनिक जीवन से कुछ नया सीख सकता है। उन्मुक्त तरीके से कल्पना एवं खुद को अभिव्यक्त कर सकता है। कार्यक्रम का शुभारंभ हरमन ग्मेनर स्कूल की गायक मंडली द्वारा प्रार्थना और स्वागत गान से हुआ। मुख्यातिथि किम कुम प्यॉन्ग ने कहा कि एसओएस चिल्ड्रंस विलेज ऑफ इंडिया की अवधारणा विशिष्ट वाकई में प्रेरणादायक है। कोरियन कल्चर सेंटर-इंडियन स्कूल पार्टनरशिप प्रोजेक्ट के बारे में बताते हुए कहा कि यह एक विशिष्ट कार्यक्रम है। भारत में दो अलग-अलग देशों को एक साथ लाने के लिए पहली बार ऐसे कार्यक्रम को लांच किया गया है। महासचिव राकेश जिन्सी के अनुसार एसओएस चिल्ड्रंस विलेजेज़ ऑफ इंडिया में कोरियन कल्चरल सेंटर इंडिया के निदेशक किम कुम-प्यॉन्ग की मेजबानी करना हमारे लिए खुशी की बात है। इस कार्यक्रम से एसओएस चिल्ड्रंस को कोरिया की विविध संस्कृति को सीखने तलाशने का अवसर मिला है। ऐसे कार्यक्रम बच्चों को प्रेरित प्रोत्साहित करते हैं। इससे उनके समग्र विकास में मदद मिलती है।