- Hindi News
- लैब तकनीशियन पर मारपीट का आरोप, अस्पताल में हंगामा
लैब तकनीशियन पर मारपीट का आरोप, अस्पताल में हंगामा
एनएच-3स्थित ईएसआई अस्पताल में एक मरीज के परिजनों ने अस्पताल में कार्यरत स्टाफ पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। इस मामले को लेकर लोगों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया। सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर मामला शांत कराया। जवाहर कालोनी निवासी उजेर खान के अनुसार उन्होंने अपनी बुजुर्ग मां को एनएच-3 अस्पताल में भर्ती कराया था। उनकी दिल की बीमारी का इलाज चल रहा था। डाक्टर ने उजेर को एक टेस्ट कराने को कहा। इसके बाद उजेर पर्ची लेकर लैब में पहुंचा।
लैब तकनीशियन (एलटी) पर्ची देकर जांच करने को कहा। अधिक भीड़ होने से लैब तकनीशियन ने लोगों को जाने के लिए कहा। इस पर उजेर ने उसे बताया कि उनकी माता का टेस्ट जरूरी है। आरोप है एलटी ने उनकी बात नहीं सुनी। इस बात पर दोनों की बहस हो गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि एलटी हाथापाई पर उतर आया। एलटी ने उजेर के सिर पर प्रहार किया। इसके बाद लैब के बाहर खड़े लोगों परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया। मरीज के परिजनों ने लैब तकनीशियन पर कार्रवाई की मांग की। इस मामले में ईएसआई अस्पताल के सुपरिंटेंडेंट एके गौतम ने बताया कि घटना की जांच कराई जा रही है। दोषी पाए जाने पर आगे कार्रवाई होगी। उजेर ने बताया कि उन्होंने मामले की शिकायत एनएच-तीन चौकी में भी पुलिस को की है।
फरीदाबाद. एनएच तीन ईएसआई अस्पताल के गेट पर मारपीट के विरोध में नारेबाजी करते मरीज के परिजन।