रेलवे की तरह रोडवेज बस की टिकट करा सकेंगे ऑनलाइन बुक
अब बस का टिकट बुक कराने के लिए घंटों लंबी लाइन में नहीं लगना पड़ेगा। रेलवे की तर्ज पर अब हरियाणा रोडवेज की बसों में भी यात्री ऑनलाइन टिकट की बुकिंग करा सकेंगे। योजना के पहले चरण में हरियाणा रोडवेज अपनी 450 जनरल बसों में अगले महीने से वेब बेस्ड ऑनलाइन टिकट बुकिंग सेवा शुरू कर रहा है। फरीदाबाद डिपो की 12 लांग रूटों की करीब 45 बसों में पहले चरण में बुकिंग की सुविधा उपलब्ध होगी।
इस सुविधा के शुरू होने के बाद यात्री टिकट अपनी सुविधा के अनुसार बस की सीट समय का चयन कर बुक करा सकेंगे।
10दिन पहले बुक करा सकेंगे टिकट
लंबीदूरी के रूटों पर यात्रियों की अच्छी-खासी भीड़ रहती है। सफर से पहले टिकट के लिए यात्रियों को खासी जद्दोजहद करनी पड़ती है। इन बसों में ट्रेवल करने वाले यात्रियों को अपनी यात्रा से 10 दिन पहले टिकट बुकिंग की सुविधा मिल जाएगी।
इस सुविधा से यात्रियों को पहले की तरह टिकट के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा ऑनलाइन टिकट से यात्री परेशान होने से बच जाएंगे।
ऑनलाइन टिकट बुकिंग की सुविधा का बेनीफिट लेने के लिए यात्रियों को विभाग की वेबसाइट www.hartrans.gov.in पर बुकिंग करनी होगी। अधिकारियों के मुताबिक ऑनलाइन टिकट बुकिंग शुरू होने से यात्रियों को टिकट लेने के लिए टिकट काउंटर की लंबी लाइनों में नहीं लगना पड़ेगा। इससे यात्रियों के समय की भी बचत होगी। इससे यात्रियों का सफर आसान हो सकेगा। ऑनलाइन टिकट बुकिंग कराने वाले यात्रियों को क्रेडिट कार्ड या डेबिट कार्ड या नेट बैंकिंग से पेमेंट करनी होगी। बुकिंग होने के बाद मोबाइल पर एसएमएस अलर्ट के जरिए यात्रियों को जानकारी मिलेगी।
पहले चरण में फरीदाबाद डिपो के 12 रूट कटरा, जम्मू, जयपुर, बैजनाथ, धर्मशाला, देहरादून, चंडीगढ़, अमृतसर, आगरा, मंसूरी, जयपुर चंबा की 45 बसों में यह सुविधा शुरू होगी। फरीदाबाद रोडवेज के जीएम राजेश कुमार के अनुसार इस सेवा के शुरू होने के बाद यात्रियों को बसों के रूट और इनका टाइम टेबल भी ऑनलाइन मिलेगा।