निशुल्क चिकित्सा सेवा देना पुण्य का बड़ा कार्य : गुर्जर
चेरिटेबल अस्पतालों के माध्यम से समाज के निर्धन एवं जरूरतमंदों को नि:शुल्क चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराना बहुत बड़ा पुण्य का कार्य है। यह बात केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कही। वे एनआईटी-1डी क्षेत्र में तजिन्दर सिंह मेमोरियल एवं एस्कार्ट्स मेडिकेयर फाउंडेशन की ओर से बनाए जाने वाले चेरिटेबल अस्पताल का बतौर मुख्य अतिथि शिल्यान्यास कर रहे थे। उन्होंने कहा फरीदाबाद एक ऐसा विशाल नगर बन चुका है, जहां साधन सम्पन्न वर्ग के लोगों के साथ-साथ अनेक स्लम क्षेत्र, छोटी कालोनियां बस्तियों में निर्धन पिछड़े तबके के लोग भी बहुतायत में रहते हैं। ऐसे में इन लोगों को यदि चेरिटेबल अस्पतालों से निशुल्क इलाज की सुविधा मिल जाती है तो यह बहुत बड़ा पुण्य का कार्य होगा। गुर्जर ने कहा 9 माह के अंदर 2 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले इस चेरिटेबल अस्पताल से निर्धन एवं जरूरतमंदों को नि:शुल्क इलाज की सुविधा मिलने लगेगी। मुख्य संसदीय सचिव एवं बडख़ल की विधायक सीमा त्रिखा ने भी इस कार्य की सराहना की। बल्लभगढ़ के विधायक मूलचन्द शर्मा ने भी इस कार्य को सराहा। इस मौके पर सुधा रस्तोगी डेंटल कालेज के चेयरमैन धर्मबीर गुप्ता और वाइस चेयरमैन दीपक गुप्ता ने कहा कि जो लोग आर्थिक रूप से इलाज कराने में सक्षम नहीं हैं, ऐसे लोगों को यदि निशुल्क इलाज की सुविधा मिल जाती है, तो यह उनके लिए बहुत बड़ी मदद होती है। इस मौके पर डॉ. विशाल जुनेजा, मेट्रो अस्पताल के निदेशक डॉ. एसएस बंसल सहित कई अन्य डाक्टर लोग मौजूद थे।
फरीदाबाद. कार्यक्रमको संबोधित करते केंदीय मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर।