आयुष शिविर में 200 बुजुर्गों ने कराई जांच
फरीदाबाद | आयुषविभाग की ओर से शुक्रवार को एनएच-2 स्थित स्थित ताऊ देवी लाल वृद्ध आश्रम में नवजन मोर्चा समिति के तत्वावधान में हेल्थ शिविर लगाया गया। इसमें 200 बुजुर्गों की जांच की गई। शिविर का शुभारंभ डीसी चंद्रशेखर ने किया। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिक हमारे समाज के मार्गदर्शक होते हैं। उन्हें सरकार द्वारा आयुष विभाग के माध्यम से निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर लगाकर हर प्रकार का स्वास्थ्य लाभ प्रदान करना अत्यन्त पुण्य का कार्य है। उन्होंने कहा आयुर्वेदिक, योग, प्राकृतिक चिकित्सा एवं यूनानी पद्दति के माध्यम से अनुभवी चिकित्सकों द्वारा वरिष्ठ नागरिकों का इस प्रकार के शिविरों में निशुल्क इलाज करने का बीड़ा उठाना सरकार का सराहनीय कदम है। शिविरों में वरिष्ठ नागरिकों को आयुर्वेद एवं होम्योपैथी के अन्तर्गत निशुल्क स्वास्थ्य जांच दवाइयों की सुविधा, योग, आहार-विहार, जीवनशैली परामर्श पंचकर्म की सुविधा देने से जहां उन्हें बेहतर स्वास्थ्य लाभ मिलेगा। वहीं भविष्य में वे इस पद्धति को अपना कर सहज ही स्वास्थ्य लाभ उठा सकेंगे। जिला आयुष अधिकारी डा. इमरतजीत चौधरी ने मुख्य अतिथि डीसी को शिविर की गतिविधियों की जानकारी दी। इस मौके पर जिला समाज कल्याण अधिकारी सुशीला देवी, बल्लभगढ़ के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डा. गजराज, नवजन मोर्चा समिति के प्रधान कृष्णलाल बजाज, सूरज आर्य, कन्हैया आिद मौजूद।