आरटीआई कार्यकर्ता ने इस मामले में दोबारा शिकायत की। विभाग की किरकिरी से परेशान होकर निगम ने अब यहां सख्त कार्रवाई करने की रणनीति बनाई है। बिजली निगम ने अब पुलिस फोर्स की सहायता लेकर ट्रांसफार्मर समेत पूरी लाइन को हटाने का निर्णय लिया है। जिससे भविष्य में दोबारा लोग इससे कनेक्शन जोड़ न सकें।
क्या है मामला
खोरी गांव की सरकारी जमीन पर गैरकानूनी ढंग से कंस्ट्रक्शन व नई बिजली लाइन बिछाने का काम किया जा रहा है। यह सरकारी जमीन करोड़ों रुपए की है। सुप्रीमकोर्ट के आदेश अनुसार खोरी गांव में नया कंस्ट्रक्शन व एमसीएफ व बिजली या नगर निगम की ओर से नई सुविधाओं को शुरू करने पर रोक है। खासतौर पर बिजली को लेकर। आरटीआई कार्यकर्ता वरुण श्योकंद ने इस मामले में विजिलेंस काे शिकायत भेजी थी।
इसमें उन्होंने तस्वीरों के साथ बताया था कि इस गांव में बिजली निगम व भूमाफियाओं की मिलीभगत के चलते बिजली लाइनों को बिछाने का काम किया जा रहा है। रोक होने के बाद भी बिजली निगम की ओर से 3 जुलाई को इस्लाम चौक पर 100 केवीए का नया ट्रांसफॉर्मर लगा दिया गया। उन्होंने विजिलेंस डायरेक्टर को शिकायत भेजी।
इसके बाद डायरेक्टर ने इस संबंध में हरियाणा के पावर सेक्रेटरी को अवगत कराया। हरियाणा के पावर सेक्रेटरी ने दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के एमडी को मामले की जांच करने के आदेश दिए थे। तीन दिन के भीतर इसकी रिपोर्ट सौंपने के लिए कहा था। इसके बाद निगम ने यहां से कनेक्शन काट दिए थे।
दोबारा जोड़ लिए कनेक्शन
उच्चाधिकारियों के आदेश के बाद खानापूर्ति के लिए अधिकारियों ने यहां लोगों के कनेक्शन काटकर रिपोर्ट ऊपर भेज दी थी। इसके बाद मामला ठंडा हो गया था। लेकिन इस बीच निगम की लापरवाही के चलते दोबारा ट्रांसफार्मर से गांव के लोगों ने अपने कनेक्शन जोड़ लिए। इसका खुलासा दोबारा फिर आरटीआई कार्यकर्ता ने किया। साथ ही दोबारा आरटीआई कार्यकर्ता वरण श्योकंद ने डीएचबीवीएन के एमडी को शिकायत भेजी। उन्होंने अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है। इस मामले में अब अधिकारियों पर जवाब देते नहीं बन रहा है।
पुलिस की मदद से होगा कार्रवाई
इस मामले में अब निगम सख्त कार्रवाई करने की बात कह रहा है। बिजली निगम के अधिकारियों के अनुसार अब प्रतिबंधित एरिया में लगे ट्रांसफार्मर व लाइनों को पूरा स्ट्रक्चर उखाड़ लिया जाएगा। इसके लिए पुलिस का सहयोग मांगा जा रहा है। पुलिस सहयोग के साथ यह कार्रवाई की जाएगी। जिससे ग्रामीणों का विरोध कार्रवाई में बाधा न बने। इसके अलावा जिन लोगों ने कनेक्शन काटने के बाद चोरी-छिपे ट्रांसफार्मर से दाेबारा कनेक्शन जोड़ लिए हैं, निगम उनके खिलाफ पुलिस में एफआईआर भी दर्ज कराएगा।
इस मामले में ओल्ड फरीदाबाद डिवीजन के एक्सईएन
पीके चौहान ने कहा कि इस मामले के लिए पुलिस से सहयोग मांगा गया है। साथ ही संबंधित एरिया में पूरे सिस्टम को उखाड़ा जाएगा। जिससे भविष्य में दोबारा कोई चोरी-छिपे कनेक्शन न जोड़ सके।