फरीदाबाद। चोरी व जानलेवा हमले के मामले में आरोपी को पकड़ने आई तेलंगाना पुलिस पर लोगों ने हमला कर दिया। यह हमला आरोपी को अरेस्ट करने के बाद हुआ। हमलावरों की संख्या अधिक होने से पुलिस कुछ नहीं कर सकी। हमलावर आरोपी को छुड़ाकर फरार हो गए। इसके बाद वहां की पुलिस स्थानीय पुलिस के पास पहुंची।
शाम को तेलंगाना पुलिस लौट गई। इस संबंध में यहां की पुलिस ने अभी तक मामला दर्ज नहीं किया था। टाउन नंबर तीन पुलिस चौकी के इंचार्ज जगबीर के अनुसार जमाई कॉलोनी में रहने वाले जमील पर तेलंगाना में चोरी व जानलेवा हमले का मामला दर्ज है। गुरुवार को उनके पास तेलंगाना पुलिस के 5 जवानों की एक टीम आई। पुलिस ने उन्हें बताया कि वह जमील को अरेस्ट करने के लिए जा रहे थे। इसके लिए उन्हें अनखीर पुलिस चौकी की मदद लेनी थी। रास्ते में मस्जिद के पास जमील तेलंगाना पुलिस को दिखाई दे गया। इसके बाद टीम ने उसे दबोच लिया। जमील ने शोर मचा दिया। मस्जिद के पास बैठे लोगों ने तेलंगाना पुलिस को घेर लिया और हमला बोल दिया। पुलिस के साथ मारपीट की गई।
तेलंगाना पुलिस भी डर गई। इसके बाद हमलावर जमील को छुड़ा ले गए। बाद में पुलिस मदद के लिए टाउन नंबर तीन पुलिस चौकी पहुंची। यहां से पुलिस की एक टीम घटनास्थल पर गई। लेकिन वहां आरोपी व हमलावर नहीं थे। इंचार्ज जगबीर के अनुसार तेलंगाना पुलिस को अगर लोकल पुलिस की मदद मिल जाती तो यह हमला नहीं होता। यदि तेलंगाना पुलिस इस संबंध में उन्हें कोई शिकायत देती है तो कार्रवाई की जाएगी। संभावना है तेलंगाना पुलिस आरोपी जमील द्वारा कराए गए इस हमले की धारा को पहले से ही दर्ज मामले में जोड़ देगी।