(गिरफ्तार युवकों के साथ पुलिस की टीम)
फरीदाबाद। तिगांव के लेबर चौक, बूचना पट्टी से डेढ़ महीने से अधिक समय से गायब युवक का मर्डर कर उसकी लाश गांव के कुएं में ही फेंक दिया गया था। तिगांव के ही एक युवक ने अपनी प्रेमिका से बात करने के शक पर हत्याकांड को अंजाम दिया था। इस आरोपी के साथ एक और युवक मर्डर में शामिल था। मामले का खुलासा सीआईए डीएलएफ की टीम ने बुधवार को किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को अरेस्ट कर लिया है। मंगलवार रात शव को कुएं से बरामद कर लिया गया। 55 दिन तक मृतक का शव कुएं में पड़ा रहा, जिससे डेड बॉडी काफी सड़ गई। बुधवार को शव का पोस्टमार्टम मेवात मेडिकल कॉलेज में कराया गया। पुलिस ने दोनों युवकों को रिमांड पर ले लिया है। इन दोनों युवकों से अब मर्डर में प्रयोग किए गए सामान को बरामद किया जाएगा। ऑटो पहले ही बरामद हो चुका है। इस मामले में तिगांव थाना पुलिस की घोर लापरवाही सामने आई है। मृतक के परिजनों ने एक आरोपी का नाम पहले ही पुलिस को बता दिया था, लेकिन पुलिस ने सख्त पूछताछ नहीं की।
ऐसे हुआ था गायब
तिगांव के लेबर चौक बुचना पट्टी में रहने वाली
कश्मीरी पत्नी रामबीर ने बताया कि उनका ऑटो चलाने वाला 24 साल का छोटा बेटा नवीन की एक साल पहले शादी हुई थी। 16 अक्टूबर 2014 को उनका बेटा नवीन गायब हो गया। 18 अक्टूबर को उनके बेटे नवीन का ऑटो तिगांव से नीमका रोड पर खेत के अंदर मिला। 19 अक्टूबर को तिगांव थाना पुलिस ने किडनैपिंग का मामला दर्ज किया।
सीआईए डीएलएफ ने खोला मर्डर
सीआईए डीएलएफ के इंचार्ज सतेंद्र सिंह ने बताया कि दो दिन पहले मामला सीआईए डीएलएफ के पास आया। 24 घंटे मामले की जांच गहनता से की गई। शक के आधार पर उन्होंने तिगांव निवासी सुदामा उर्फ मोटा पुत्र महेंद्र और भारत पुत्र सच्चे सिंह को अरेस्ट किया। शेष पेज 15 पर
सुदामा ने पूछताछ में बताया कि उसकी प्रेमिका इंदिरा कॉम्पलैक्स में रहती है। सुदामा के अनुसार मृतक नवीन उसकी प्रेमिका से फोन पर अक्सर बात किया करता था। इससे उसको नवीन पर शक हो गया। इस कारण उसने नवीन की हत्या की योजना तैयार की।
कैसे की हत्या
सुदामा ने पुलिस को बताया कि उसने नवीन की हत्या करने के लिए अपने एक दोस्त भारत को साथ लिया। 16 अक्टूबर को वह नवीन को लेकर इसी की ऑटो में सेक्टर-3 गए। वहां उसने, भारत व नवीन ने शराब पी। इसके बाद वह तिगांव आ गए। उन्होंने यहां भी नवीन को जमकर शराब पिलाई। देररात उन्होंने नवीन के सिर में शराब की बोतल मारी। इसके बाद उसका गला दबा दिया और पत्थर मारे। उसकी हत्या करने के बाद शव को ऑटो में डाला और तिगांव से भुआपुर रोड स्थित भैंसरावली निवासी ज्ञानचंद के खेत पर ले गए। वहां एक सूखे कुएं में नवीन के शव को फेंक दिया। इसके बाद वह ऑटो को नीमका के जंगलों में छोडक़र वापस घर आ गए।
पत्नी ने बताया, आरोप गलत
मृतक नवीन की पत्नी ने बिलखते हुए बताया कि मेरे पति पर एक महिला से फोन पर बात करने का आरोप गलत हैं। आरोपी अपने बचाव में ऐसा कर रहा है। उनके पति का किसी महिला से कोई चक्कर नहीं था। अब उनके पति नहीं हैं तो कोई कुछ भी कहता रहे। इतना ही नहीं उनके पति मोटा के साथ कहीं जाते भी नहीं थे। उन्होंने पुलिस को मोटा का नाम बता दिया था लेकिन पुलिस ने उनकी एक नहीं सुनी।