फरीदाबाद। बड़खल विधानसभा क्षेत्र से टिकट न मिलने से नाराज चल रहे पूर्व विधायक चन्दर भाटिया ने भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना इस्तीफा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष
अमित शाह, प्रधानमंत्री
नरेंद्र मोदी और हरियाणा भाजपा के अध्यक्ष रामबिलास शर्मा को भेजा है। इस्तीफे में उन्होंने अपनी नाराजगी जताते हुए कहा है कि हरियाणा के कुछ भाजपा नेता पार्टी को गुमराह कर रहे हैं।
साथ ही टिकट बंटवारे में भी लापरवाही बरती जा रही है। पूर्व विधायक ने इस्तीफे में यह भी चेताया है कि इन नेताओं के कारण पार्टी को हरियाणा विधानसभा चुनाव में भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है। इसलिए भाजपा इस मामले को गंभीरता से लेते हुए इन नेताओं पर जांच कमेटी बैठाए और लापरवाही बरतने का जो दोषी पाया जाता है उसके खिलाफ उचित कार्रवाई करे। भाजपा से दो बार विधायक रह चुके भाटिया ने इस्तीफा में यह भी लिखा है कि भाजपा प्रत्याशियों की सूची में घोर लापरवाही बरती गई है। अधिकतर टिकटें उन्हें दी गई हैं जो जिताऊ उम्मीदवार नहीं हैं। भाटिया का यह भी आरोप है कि सर्वे के अनुसार टिकट न देकर कुछ नेताओं के चहेतों को दी गई हैं।
भाजपा ने ऐसा कर अपने पैर पर कुल्हाड़ी मारने का काम किया है। पूर्व विधायक ने यह भी कहा है कि बड़खल से उनकी नहीं कार्यकर्ताओं की टिकट काटी गई है। पार्टी ने सही उम्मीदवार का चयन न कर गलत उम्मीदवार को टिकट दिया है। इसलिए वे प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य पद से इस्तीफा देने के साथ ही अपने कार्यकर्ताओं की भावनाओं से आलाकमान को अवगत करा रहे हैं। भाटिया के अनुसार 21 सितंबर को उनके पिता पूर्व विधायक कुंदनलाल भाटिया की श्रद्धांजलि सभा में उनके समर्थक जो राय देंगे उसे वे स्वीकार कर आगे का फैसला लेंगे। गौरतलब है कि बड़खल विधानसभा से चंदर भाटिया ने टिकट के लिए दावेदारी जताई थी। लेकिन वहां से सीमा त्रिखा को टिकट दिया गया है।