पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

सूरजकुंड की वादियों में आज भाजपा नेताओं का जमावड़ा

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
फरीदाबाद। सूरजकुंड की वादियों में सोमवार को एक बार फिर हरियाणा भाजपा के शीर्ष नेताओं का जमावड़ा लगेगा। मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर सोमवार को राज्य के नवनिर्वाचित 47 भाजपा विधायकों के साथ सूरजकुंड स्थित होटल राजहंस में मीटिंग करेंगे। दोपहर बाद प्रदेश कार्यकारिणी की मीटिंग होगी। इसमें विधायकों के साथ-साथ जिलाध्यक्ष, प्रदेशाध्यक्ष व अन्य शीर्ष नेता शिरकत करेंगे।
मीटिंग को लेकर जहां प्रशासन ने व्यापक स्तर पर तैयारियां की है वहीं भाजपा नेता भी रविवार को तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे रहे। कड़ी पुलिस सुरक्षा व्यवस्था के बीच मीटिंग होगी। अभी पिछले माह ही 2 जनवरी को भी यहां भाजपा के नवनिर्वाचित विधायकों का प्रशिक्षण शिविर आयोजित हुआ था।
सोमवार को होने वाली मीटिंग की खास बात यह है कि शिविर में केवल विधायक ही प्रवेश कर सकेंगे। उनके साथ उनका गनमैन या अन्य कोई खास आदमी भी वहां प्रवेश नहीं कर सकेगा। सूत्रों के मुताबिक मीटिंग में विधायकों को एक बार फिर संसदीय कार्यप्रणाली से लेकर पार्टी संगठन की बारीकियों के बारे में समझाया जाएगा। शिविर में पार्टी के सभी 47 विधायक हिस्सा लेंगे।
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था

वैसे तो सूरजकुंड में चल रहे इंटरनेशनल क्राफ्ट मेले के कारण पहले से ही कड़ी सुरक्षा व्यवस्था है, लेकिन भाजपा की बैठक के कारण मेले सहित मीटिंग स्थल के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को रविवार से ही बढ़ा दिया गया है। मीटिंग के दौरान सूरजकुंड में चारों ओर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रहेगी।
पुलिस ने यहां थ्री लेयर सुरक्षा व्यवस्था बनाई है। भारी पुलिस बल होटल राजहंस के आसपास तैनात कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने यहां मोर्चा संभाल लिया है। पुलिस कमिश्रर सुभाष यादव के अनुसार मेला व मीटिंग स्थल पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रहेगी।

मेले का भी लेंगे आनंद

विधायक मूलचंद शर्मा के अनुसार मीटिंग के बाद विधायक इंटरनेशनल सूरजकुंड क्राफ्ट मेले का भी आनंद लेंगे। प्रदेश के कई भाजपा विधायक ऐसे भी हैं जो पहले कभी मेले में नहीं आए हैं। मेले के साथ-साथ भाजपा नेता यहां हरियाणवी खाने का भी जायका लेंगे।