पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

युवक की हत्या, प्लाट में पड़ा मिला शव, सिर पर हथियार का निशान

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
बल्लभगढ़। सेक्टर 64 में अज्ञात लोगों ने एक युवक के सिर पर किसी हथियार से वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। युवक का शव एक प्लाट में मिला। रविवार सुबह वहां काम पर पहुंचे मजदूरों ने शव को पड़े देखा तो इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने जांच के दौरान मृतक की पहचान कर ली।
घटनास्थल से पुलिस ने शराब की बोतल और खाली गिलास बरामद किए है। पुलिस का अनुमान है कि मृतक के परिचितों ने ही हत्या की इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए बादशाह खान अस्पताल भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक मूलरूप से राजस्थान के डीग भरतपुर का रहने वाला 35 वर्षीय मोनी यहां ऊंचा गांव में अपने परिवार के साथ रहता था। उसके परिवार में उसकी पत्नी के अलावा दो बच्चे हैं। वह तिगांव रोड पर स्थित सीमेंट के पाइप बनाने वाली एक कंपनी में काफी समय से काम कर रहा था।
बताया जाता कि अन्य दिनों की तरह शनिवार सुबह भी मोनी अपने काम पर जाने के लिए घर से निकला था। लेकिन इसके बाद वह घर लौटकर नहीं आया। देर रात तक न लौटने पर पत्नी को चिंता होने लगी। आसपास तलाश करने पर भी मोनी का कुछ पता नहीं चला। इधर सुबह सेक्टर 64 के पास स्थित एक खाली प्लॉट में खून से लथपथ हालत में एक युवक का शव पड़ा हुआ था। मृतक के सिर पर किसी हथियार से वार कर उसे मौत के घाट उतारा गया था।
मौके पर शराब की खाली बोतल और गिलास पड़े थे। वहां निर्माणाधीन इमारत में काम करने के लिए आए मजदूरों की नजर शव पर पड़ते ही उन्होंने पुलिस को सूचना दे दी। थोड़ी ही देर में पुलिस ने मौके पर पहुंच कर मृतक की पहचान के लिए आसपास के इलाके में रहने वाले लोगों का बुला लिया। शव मिलने का पता चलते ही मोनी के परिजन भी वहां पहुंच गए। जिन्होंने मृतक की पहचान मोनी के रूप में की।
पुलिस ने फिलहाल शव पोस्टमॉर्टम के लिए बादशाह खान अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। सिटी थाना प्रभारी सुखबीर सिंह का कहना है कि अनुमान है कि हत्या की इस वारदात को मोनी के परिचितों ने ही अंजाम दिया है। मृतक का शराब पीने के दौरान आरोपियों के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया होगा। जिसके बाद आरोपियों ने मोनी की हत्या कर दी होगी। जांच कर मामले को सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है।