पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

रणसीका गांव में शरारती तत्वों ने मूर्तियां खंडित की, सुरक्षा कड़ी

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
पलवल. हथीन की सांप्रदायिक आग अभी पूरी तरह शांत भी नहीं हुई है कि सोमवार रात रणसीका गांव में कुछ शरारती तत्वों ने फिर से सांप्रदायिक आग भड़काने का प्रयास किया। गांव में सोमवार रात एक धार्मिक स्थल की मूर्तियों को खंडित कर दिया गया।

इस बारे में तब पता चला जब गांव के लिए धार्मिक स्थल में पूजा अर्चना के लिए गए। इसकी सूचना थोड़े ही देर में पूरे जिले में फैल गई। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। इन्होंने मौका मुआयना करने के बाद लोगों को गांव में शांति बनाए रखने का आह्वान किया।

घटना की सूचना मिलते ही सबसे पहले हथीन थाना प्रभारी सुरेश भड़ाना मौके पर पहुंचे। उन्होंने मौका मुआयना किया। इसके बाद उन्होंने गांव के सरपंच रफीक सहित मौजिज लोगों को बुलाया और इस बारे में बातचीत की। इस दौरान लोगों ने कहा कि जिस किसी भी शरारती तत्व ने यह हरकत की है, उसे दंड मिलना चाहिए। इसी दौरान एसडीएम जगनिवास और नायब तहसीलदार कंवल सिंह यादव भी गांव में पहुंच गए। उन्होंने भी मौका मुआयना किया। इस दौरान सरपंच रफीक, पूर्व सरपंच नूर मोहम्मद, पूर्व सरपंच शहाबुद्दीन, पूर्व सरपंच आसू, जहुरुद्दीन, कमरूद्दीन, रामजीलाल मास्टर, महिपाल, गंगा सहाय, चेतराम नंबरदार, रमेश आदि मौजूद थे। एसडीएम ने लोगों से गांव में अमन व शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि प्रशासन आपके साथ है। किसी को डरने की जरूरत नहीं है। जो भी आरोपी होगा उसे पकड़ा जाएगा और कड़ी सजा दी जाएगी।

इस दौरान मौजिज लोगों ने एसडीएम से कहा कि गांव में सभी समुदायों के लोग आपसी भाईचारे के साथ रहते हैं। ऐसे में जिस किसी भी शरारती तत्व ने यह हरकत की है, उसे अवश्य सजा मिले। ग्राम वासियों ने कहा कि वे बुधवार सुबह गांव के मौजिज लोगों की एक पंचायत करेंगे और शरारती तत्व को ढूंढने का प्रयास करेंगे। पंचायत में केवल गांव के ही लोग होंगे। किसी भी बाहरी व्यक्ति को पंचायत में नहीं बुलाया जाएगा। शरारती तत्व चाहे किसी भी समुदाय से हो उसकी खोज की जाएगी और उसे दंडित किया जाएगा। एसडीएम ने कहा, धार्मिक स्थल में जो मूर्तियां खंडित हुई हैं उन्हें बुधवार को ही स्थापित कराने का प्रयास किया जाए। प्रशासन इसमें पूरा सहयोग करेगा।