फरीदाबाद. इनेलो ने बुधवार को सेक्टर-12 स्थित लघु सचिवालय के सामने सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा व नारायणगढ़ के विधायक रामकिशन फौजी का पुतला फूंका। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने दोनों के पुतलों को लेकर लघु सचिवालय के चारों तरफ चक्कर लगाया। इसके बाद नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए जिला प्रभारी डॉ. रामकुमार सैनी ने कहा कि प्रदेश सरकार किस तरीके से घोटालों को दबाने में लगी है। इसका सुबूत इस बात से मिल जाता है कि जब इन्हीं के विधायक सरेआम करोड़ों रुपए सीएलयू के लिए मांगते हुए सीडी में दिखाए जाते हैं। इस मामले को लोकायुक्त के स्वीकार करने के बाद भी यह सरकार कह रही है कि अभी वह सीडी की जांच कराएंगे।
इससे साफ जाहिर होता है कि सीएम को यह मालूम है अगर कार्रवाई हुई तो उसमें उनका नाम भी शामिल हो जाएगा। उन्होंने कहा, प्रदेश में आज भ्रष्टाचार चरम पर है। इसका जनता को पता चल चुका है। सैनी ने कहा कि आज आम आदमी कांग्रेस की गलत नीतियों से परेशान हैं। उन्होंने कहा कि इस सरकार का मुख्य ध्येय पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाकर गरीबों का शोषण करना है। सैनी ने आह्वान किया कि अब वह समय आ गया है जब हम सभी को एकजुट होकर कांग्रेस की कुनीतियों को जन-जन तक पहुंचाना और इनेलो की जनहितकारी नीतियों के बारे में लोगों को समझाना है। जिससे आने वाले चुनाव में जनता इस भ्रष्ट सरकार को सत्ता से चलता कर सके। प्रदर्शन में राजेंद्र बीसला, प्रेम सिंह धनखड़, राजीव जेटली, शशि बाला तेवतिया, अरविंद भारद्वाज, विकास चौधरी, जगजीत कौर, वीरपाल गुर्जर, तेजपाल डागर, रामजीत भाटी, हाजी अख्तर हुसैन, अरविंद सरदाना, राजाराम, संजय डागर, विजय तेवतिया, सुरेश मोर, ललित खन्ना, सुरेश सहरावत, बच्चू सिंह तेवतिया, अमरीश चौधरी, हनुमान सिंह, राहुल गोस्वामी, विनोद नागर आदि मौजूद थे।