फरीदाबाद. शुक्रवार को 11 से 12 बजे तक किसी भी कैंडीडेट ने नामांकन नहीं भरा। इसके बाद दोपहर करीब 12 बजे से नामांकन का सिलसिला शुरू हुआ। सबसे पहले इनेलो के तीन कैंडीडेट एक साथ सांसद दुष्यंत चौटाला के साथ सेक्टर-12 में नामांकन दाखिल करने पहुंचे। इसके बाद कैंडीडेट के आने का सिलसिला दोपहर तीन बजे तक जारी रहा। कोई ढोल धमाके के साथ पहुंचा तो कोई गाड़ी से उतरा नामांकन भरा और वापस हो लिया। तीन घंटे में 24 कैंडीडेट ने नामांकन भरे।
अभी तक फरीदाबाद जिले की छह विधानसभा क्षेत्रों से इनेलो और कांग्रेस के सभी प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल कर दिए हैं। शनिवार को नामांकन की अंतिम तिथि है। इसलिए अब बचे हुए प्रत्याशी शनिवार को नामांकन करेंगे। 20 सितंबर से नामांकन भरे जा रहे हैं। भाजपा से अभी तक केवल दो कैंडीडेट ने नामांकन भरे हैं। चार विधानसभा क्षेत्रों से भाजपा के कैंडीडेट शनिवार को नामांकन भरेंगे।
पृथला विस क्षेत्र से पांच
शुक्रवार को पृथला विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र से छह प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किए। इनमें कांग्रेस से रघुवीर तेवतिया, इनेलो से राजेन्द्र सिंह बीसला, बसपा से टेकचंद शर्मा, निर्दलीय राजेश तेवतिया व निर्दलीय अशोक कुमार कौशिक ने नामांकन भरे।
एनआईटी विस क्षेत्र से चार: फरीदाबाद एनआईटी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र से 5 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किए। इनमें इनेलो से नगेन्द्र भड़ाना, निर्दलीय हफीज अहमद, निर्दलीय दिनेश कुमार तथा कांग्रेस से गुलशन कुमार बग्गा ने नामांकन भरा।
तिगांव विस क्षेत्र से तीन: तिगांव विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र से 3 प्रत्याशियों ने नामांकन भरे। इनमें निर्दलीय बीरपाल गुर्जर, इनेलो से अरविंद कुमार भारद्वाज व निर्दलीय जगदीश बाल्मीकि ने पर्चा दाखिल किया।
बल्लभगढ़ विस क्षेत्र से पांच: बल्लभगढ़ विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र से 5 प्रत्याशियों ने नामांकन भरे। इनमें बसपा से धीरेंद्र सिंह, बीजेपी से मूलचंद शर्मा, कांग्रेस से लखन कुमार सिंगला, इनेलो से ललित कुमार बंसल और निर्दलीय सुधा ने नामांकन भरा।
फरीदाबाद विस क्षेत्र से तीन: फरीदाबाद विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र से तीन प्रत्याशियों ने नामांकन भरा। इनमें इनेलो से प्रवेश मेहता, कांग्रेस से आनंद कौशिक व बहुजन समाज पार्टी से दीन दयाल गौतम शामिल हैं।
बड़खल विधानसभा क्षेत्र से चार: बड़खल विस निर्वाचन क्षेत्र से 4 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया। इनमें भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी से जगराम, इनेलो से चंद्र भाटिया, निर्दलीय अजीत सिंह तथा मनीराम शामिल हैं।
इंतजाम तगड़े लेकिन लोग परेशान: पुलिस की तरफ से पूरे लघु सचिवालय के अंदर व बाहर तगड़ा इंतजाम किया है। इससे आम जनमानस को काफी परेशानी हो रही है। लघु सचिवालय, तहसील, कोर्ट व हुडा में जाने वाले लोगों के वाहनों की इंट्री बंद हो चुकी है। इतना ही नहीं आमजन को लघु सचिवालय के अंदर प्रवेश करने में पुलिस वाले दिक्कत करते हैं। आमजन के प्रति पुलिसकर्मियों का व्यवहार भी काफी रूखा है।
जाम से जूझते रहे लोग
नामांकन के दौरान प्रत्याशियों के साथ आए वाहनों के काफिलों से में कई जगह जाम की स्थिति रही। इससे निपटने के लिए मुख्य बाजारों व चौराहों पर पुलिस का कोई खास इंतजाम नहीं था। मोहना रोड, तिगांव रोड, बस अड्डा मार्केट, मेन बाजार व अंबेडकर चौक पर सुबह से ही जाम लगना शुरू हो गया था। यह स्थिति 3 बजे तक रही। जाम लगने का मुख्य कारण पुलिस का सही बंदोबस्त न होना था। बल्लभगढ़ में नामांकन कार्यालय पंचायत भवन के पास तो भारी पुलिस बल की मौजूदगी थी, लेकिन शहर में पुलिस के खास इंतजाम न होने से जगह-जगह जाम लगा।
पार्षद कांग्रेस छोड़ बीजेपी मेंवार्ड-33 के पार्षद राजेंद्र अग्रवाल जहां एक दिन पहले तक कांग्रेस के झंडे बैनर लगाकर नंबर वन हरियाणा की धुनों पर जोर शोर से प्रचार कर रहे थे, वहीं शुक्रवार को अचानक वे बीजेपी प्रत्याशी मूलचंद शर्मा के साथ आ गए। हालांकि पार्षद लोगों की सवाल भरी निगाहों से बचते हुए नजर आए। दो चार लोगों ने उन्हें वहां टोका भी कि नेताजी कल तक तो आप कांग्रेस का जोर शोर से प्रचार कर रहे थे और आज बीजेपी का झंडा उठा लिया। दरअसल पार्षद बल्लभगढ़ से टिकट की दावेदारी की थी। मुख्य संसदीय सचिव शारदा राठौर की टिकट का विरोध करने वालों में वह मुख्य थे। लेकिन जब उन्हें टिकट नहीं मिली तो वे भाजपा में चले गए।