फरीदाबाद। रविवार को राजा नाहर सिंह स्टेडियम में आयोजित सेलेब्रिटी प्रदर्शनी मैच में मुंबई हीरोज ने भोजपुरी दबंग को 9 विकेट से रौंद दिया। मैन ऑफ द मैच मुंबई हीरोज के ऑलराउंडर समीर कोचर रहे। समीर ने नाबाद 56 रन बनाए और 2 विकेट भी लिए। वहीं बालीवुड एक्टर आफताब शिवदसानी को बेस्ट बल्लेबाज घोषित किया गया। इस मैच में मुख्यातिथि मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर थे। इस मौके पर लोगों को स्वच्छता अभियान के प्रति जागरूक किया गया।
इस मैच में मुंबई हीरोज ने टॉस जीतकर भोजपुरी दबंग को पहले बल्लेबाजी का न्यौता दिया। भोजपुरी दबंग के कप्तान मनोज तिवारी ने अपनी टीम को अच्छी शुरूआत दी। मनोज ने 19 गेंद पर 29 रन की पारी खेली। भोजपुरी दबंग का पहला विकेट 39 रन पर गिरा। इसके बाद अजय शर्मा ने 36 गेंद पर 42 रन की पारी खेल टीम को संभालने का प्रयास किया। टीम अच्छे स्कोर की तरफ जा रही थी।
लेकिन मुंबई हीरोज के राजा भैरवानी ने 8 रन देकर 3 विकेट लेकर भोजपुरी दबंग की टीम को बैकफुट में धकेल दिया। टीम के 6 खिलाड़ी 9 रन के भीतर आउट हो गए। भैरवानी के अलावा समीर कोचर ने बेहतरीन गेंदबाजी की। भोजपुरी दबंग की टीम 19 ओवर में 131 रन पर ऑलआउट हो गई। इस लक्ष्य को मुंबई हीरोज ने आफताब शिवदसानी के 32 गेंद पर 48 रन और समीर कोचर के नाबाद अर्धशतकीय पारी की बदौलत 11.5 ओवर में 1 विकेट खोकर प्राप्त कर लिया। भोजपुरी दबंग की ओर से शैलेष सिंह ने 16 रन देकर 1 विकेट लिया।
अव्यवस्था का रहा आलम
मैच में भारी अव्यवस्था का आलम रहा। पुलिस व्यवस्था डांवाडोल दिखी। यहां तक कि पुलिस महकमे के कर्मचारियों ने अपने बच्चों को बॉल बॉय ग्राउंड तक पहुंचा दिया। जिससे इस स्थान पर बच्चों की भारी भीड़ रहीं। आलम यह रहा कि मैच समाप्त होते ही भारी भीड़ बैरिकेड तोड़ मैदान में घुस आई। उन्हें संभालना तो दूर पुलिस वाले स्वयं ही इस आयोजन की मस्ती में रहे।
एंट्री गेट पर हुआ बवाल
स्टेडियम सूत्रों के अनुसार एंट्री गेट पर पुलिस द्वारा एंट्री बंद करने पर जबरदस्त बवाल मचा। जानकारी के अनुसार बवाल का कारण गेट पास होने के बाद भी लोगों को स्टेडियम में घुसने नहीं देना था। इस बवाल को रोकने के लिए पुलिस ने डंडे भी फटकारे और लोगों को अंदर नहीं घुसने दिया गया।
स्वच्छता अभियान को किया जागरूक
मैच के दौरान लोगों द्वारा गंदगी फैलाने के बाद भोजपुरी दबंग के कप्तान मनोज तिवारी ने स्टेडियम में चारों ओर घूम स्वच्छता अभियान के तहत लोगों को जागरूक किया। उन्होंने स्कूली बच्चों के साथ बैनर लेकर स्टेडियम का चक्कर लगाकर लोगों से स्वच्छता अभियान का दृढ़ता से पालन करने का आग्रह किया। इसके बाद स्टेडियम में गंदगी कम देखने को मिली।
आगे की स्लाइड में पढ़िए देखिए तस्वीरें...