पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

बादल-बूंदाबांदी ने बदला मौसम का मिजाज, दिनभर नहीं निकली धूप

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
फरीदाबाद। शहर में हुई बूंदाबांदी के साथ ठंड ने दस्तक दे दी है। शनिवार को सुबह से ही शहर हल्की धुंध में छिपा रहा। आसमान में बादल छाए रहे। बीच-बीच में हल्की बूंदाबांदी भी होती रही। इसके बाद मौसम का रुख एकदम बदल गया। तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गई। शनिवार को इस मौसम में पहली बार लोगों को ठिठुराने वाली ठंड का अहसास हुआ। पूरे दिन सर्द ठंडी हवा चलती रही। इससे मौसम काफी ठंडा रहा। शहर के लोगों ने मौसम का जमकर लुत्फ उठाया।
बारिश के साथ आई ठंड: शनिवार को बारिश के साथ मौसम ने पलटी मार ली। आसमान में घने बादल छाए रहने से पूरे दिन सूर्य देव के दर्शन नहीं हो सके। शुक्रवार के मुकाबले शनिवार को तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गई। इस दिन शहर का अधिकतम तापमान लुढक़कर 19.3 व न्यूनतम 8.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
ठंडी हवाओं ने शहर की ठिठुरन को बढ़ा दिया। लोगों ने दिसंबर के इस ठंडे मौसम को जमकर लुत्फ उठाया। घरों में चाय, पकौड़े, मूंगफली और सूप का आनंद लिया। काफी लोग मौसम का रुख देखकर जॉब पर नहीं गए। उन्होंने घर पर रहकर मौसम का इंज्वाय लिया। पार्क, शॉपिंग मॉल्स व रेस्टोरेंट में खासी भीड़ दिखाई गई।

लुढ़केगा तापमान, बढ़ेगी ठंड
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार यह बारिश आने वाली कंपकंपाने वाली ठंड का संकेत हो सकती है। विभाग के अनुसार रविवार को भी हल्की बूंदाबांदी व धुंध रहने की उम्मीद है। तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है। इससे ठंड और बढ़ेगी। साथ ही बारिश के साथ तेज हवाओं की भी आशंका हैं। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को शहर का अधिकतम तापमान 20 एवं न्यूनतम 10 डिग्री सेल्सियस तक रहने का पूर्वानुमान है।
कोहरे से ट्रेनों की चाल डगमगाई
मथुरा से आगे दिल्ली-मुंबई व चेन्नई रूट पर हुए कोहरे से शनिवार को ट्रेनों की चाल डगमगा गई। कई ट्रेनें घंटों देरी से ओल्ड स्टेशन पर पहुंची। हालांकि नॉर्दर्न रेलवे ने अपने रूट पर इंतजाम किए हैं। लेकिन पीछे रूट प्रभावित रहने से ट्रेनों पर असर दिखा। लंबी दूरी की ट्रेनों के लेट होने का असर लोकल ट्रेनों पर भी पड़ा। शनिवार को दिल्ली की ओर जाने वाली दादर एक्सप्रेस 1.10 घंटे, दक्षिण एक्सप्रेस 2.15 घंटे, जीटी एक्सप्रेस 1.30 घंटे, मालवा 5.50 घंटे, सचखंड 3.05 घंटे, महाकौशल 2.50 घंटे देरी से ओल्ड स्टेशन पर पहुंची।
इस वजह से मथुरा-दिल्ली ईएमयू 35 मिनट, मथुरा-गाजियाबाद ईएमयू 45 मिनट देरी से फरीदाबाद पहुंची। प्रवक्ता का कहना है कि रूट पर इंतजाम काफी हैं। लेकिन पीछे का रूट दूसरे डिविजन में आता है। वहां पर कैसा इंतजाम किया गया है। यह वे नहीं बता सकते। हालांकि कोहरे में ट्रेनों की स्पीड से ज्यादा यात्रियों की सुरक्षा को महत्व दिया जाता है।
(फोटो- शनिवार को सर्दी से बचाव करती स्कूटी सवार युवतियां।)