पलवल। सीएम मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि जनता की समस्याएं ऑनलाइन प्राप्त करने की सुविधा ’सीएम विंडो’ का 25 दिसंबर को उद्घाटन हो जाएगा। उन्होंने कहा, 25 दिसंबर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का जन्मदिवस है और उस दिन को सुशासन दिवस अर्थात गुड गवर्नेंस डे के रूप में मनाया जाएगा। सीएम शनिवार को जिले के अधिकारियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे।
बिजली लाइन लाॅस कम किया जाए
सीएम ने कहा, बिजली आपूर्ति में लाइन लास को कम करने की हिदायत दी। क्योंकि पलवल जिले में 40 प्रतिशत लाइन लास है। उन्होंने अधिकारियों को सभी के आधार कार्ड जल्द बनवाने के आदेश दिए। सीएम ने राज्य सरकार की प्राथमिकताओं से अधिकारियों को अवगत कराते हुए कहा कि प्रशासनिक कार्यों में पूरी पारदर्शिता बरती जानी चाहिए।
भ्रष्टाचार के मामले में ’जीरो टोलरेंस’ नीति
उन्होंने कहा भ्रष्टाचार के मामले में ’जीरो टोलरेंस’ की नीति रहेगी। उन्होंने कहा, अधिकारी व कर्मचारी स्वयं भ्रष्टाचार पर लगाम लगाएं। उन्होंने कहा, भ्रष्टाचार की नदी ऊपर से नीचे की ओर बहती है। आप विश्वास रखें कि ऊपर कोई गड़बड़ नहीं होगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार समाज के गरीब व्यक्ति, जो शिक्षा, आर्थिक, सामाजिक या अन्य आधार पर पीछे रह गया है, उसका मान-सम्मान बढ़ाना है। उसे सरकार की सुविधाएं मिलनी चाहिए। सीएम ने कहा राज्य सरकार का लक्ष्य ‘अंत्योदय’ अर्थात जो व्यक्ति अंत में रह गया है या पिछड़ गया है उसका उदय कर उसे मुख्यधारा में लाना है।
सीएम ने यह भी कहा कि समाज में जमीनों के झगड़े ज्यादा हैं, जिन्हें आईटी तकनीक की मदद लेकर कम करने के प्रयास किए जाएंगे। इससे पूर्व डीसी अशोक कुमार मीणा ने जिले की गतिविधियों पर प्रकाश डाला। इस मौके पर गुड़गांव मंडलायुक्त प्रदीप कासनी, रेवाड़ी रेंज की पुलिस महानिरीक्षक ममता सिंह, पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह, विधायक मूलचंद शर्मा व टेकचंद शर्मा सहित जिले के अधिकारी मौजूद थे।
वृद्धावस्था पेंशन फरवरी में बैंक से
इस दौरान उन्होंने निर्देश दिए कि वृद्धावस्था पेंशन धारकों के 31 दिसंबर से पहले समर्पित बैंक खाते खुलवाएं। क्योंकि जनवरी की फरवरी में मिलने वाली पेंशन बैंक के माध्यम से दी जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निष्ठा व ईमानदारी से काम करने की भी नसीहत दी। उन्होंने कहा कि जनता और प्रशासन के बीच में एक खाई बन गई है जिसे हमें पाटना है। सीएम ने कहा कि जनभावनाओं से जुड़े मुद्दों जैसे पशुओं की तस्करी आदि पर ज्यादा ध्यान देकर उनका तत्परता से समाधान करें।