फरीदाबाद। पंजाबी फेडरेशन फरीदाबाद के बेटी बचाओ अभियान के तहत सेक्टर-10 में एक मीटिंग हुई। इसमें बेटी बचाओ अभियान में 150 महिलाओं की कार्यकारिणी बनाई गई। इसमें गाजियाबाद, दिल्ली व ग्वालियर की टीमों ने अपने सदस्यों के साथ भाग लिया। फेडरेशन कन्या भ्रूण हत्या को रोकने व लोगों को जागरूक करने के लिए सघन अभियान चलाएगी। यह टीम लोगों को जागरूक करेगी। साथ ही लोगों के लिए एक हेल्पलाइन नंबर जारी करेगी। जिस पर कोई भी उन्हें भ्रूण जांच व हत्या के संबंध में सूचना देगा। इस पर वह प्रशासन को सूचना देकर कार्रवाई कराएंगे।
चलाएंगे रथयात्रा, देंगे नंबर
मीटिंग की अध्यक्षता सभा के प्रधान वासदेव अरोड़ा ने की। उन्होंने कहा, आज पंजाबी फेडरेशन के लिए गर्व की बात है कि हमारा परिवार इतना बड़ा हो गया है। बेटी बचाओ अभियान के राष्ट्रीय संयोजक हरीशचन्द्र आजाद नेaकहा कि हमारा पहला लक्ष्य यही होगा कि गिर रहे लिंगानुपात को ऊपर लाया जाए। इसकी शुरुआत फरीदाबाद से की जाएगी। जिले में लिंगानुपात 871 से 925 तक लाएं। इसके लिए रथयात्रा करने का प्लान बनाया है। फरीदाबाद में जगह-जगह नाटकों के माध्यम से लोगों को जागृत करेंगे। यह संदेश देंगे कि बेटे और बेटी में कोई फर्क नहीं है।
लोगों को एक हेल्पलाइन नंबर देंगे। जहां कन्या भ्रूण हत्या का किसी को पता चले तो वह फोन कर इसकी सूचना दे। हमारी टीम उसी समय वहां पहुंचकर इस अपराध को करने वाले लोगों को दंड दिलाएगी। उन्होंने कहा, इसके लिए हम जगह-जगह होर्डिंग लगाकर भी प्रचार करेंगे। इश्तिहारों के जरिए हमारी टीमें घर-घर जाएंगी।
टीम करेगी लोगों को जागरूक
राष्ट्रीय सहसंयोजक रेनू शर्मा व महिला मंडल की प्रधान सुमन बख्शी ने कहा कि हमारी टीम देश की इस समस्या को हल करके दिखाएगी। गाजियाबाद की महिला मंडल की प्रधान पूनम कौशिक ने कहा कि कन्या भ्रूण हत्या की अहम वजह है शादियों पर होने वाला बेहिसाब खर्च। हमारी टीम लोगों को यह बताएगी कि शादियों पर हो रहे इतने खर्चे पर रोक लगाएं। जिससे समाज के आम लोगों को बेटी बोझ न लगे। ग्वालियर से मोहित जैन ने कहा कि कन्या भ्रूण हत्या के खिलाफ सरकार को सख्त कानून बनाना होगा। उन्होंने कहा, अगर एक भी कन्या भ्रूणहत्या के दोषी को कठोर सजा मिल जाए तो आगे के लिए ऐसे अपराध कम होने शुरू हो जाएंगे। इस मौके पर सदस्य बने लोगों को सदस्यता पत्र भी दिए गए।
इन लोगों ने ग्रहण की सदस्यता
फरीदाबाद महिला मंडल की प्रधान सुमन बख्शी, बल्लभगढ़ मंडल की प्रधान नीलम शर्मा, गाजियाबाद मंडल की प्रधान पूनम कौशिक, एनआईटी मंडल की प्रधान सुमन रेखा, ग्वालियर के प्रधान मोहित जैन की टीम को सदस्यता पत्र दिए गए। सभा में महासचिव महेश पाहूजा, उपप्रधान राजगोपाल ढींगड़ा, उपप्रधान रेनू शर्मा, कोषाध्यक्ष राकेश मदान, तिलकराज शर्मा, दीपक छाबड़ा, चरणजीत सिंह, अनिल आर्या, लाजपतराय, समाजसेवी आरडी शर्मा, सुलेखा बैसला, रेखा शर्मा, जगजीत कौर, राजकुमार खत्री, अनुराधा भारद्वाज समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने सदस्यता ग्रहण की।
(फोटो- बेटी बचाओ अभियान के नव नियुक्त पदाधिकारी।)