फरीदाबाद। सरूरपुर इंडस्ट्रियल एरिया में लेंटर गिरने के मामले में मुजेसर थाने की पुलिस ने कंपनी मालिक, ठेकेदार सहित पांच लोगों पर केस दर्ज कर लिया है। मंगलवार को तीनों शव का पोस्टमार्टम कराया गया। उधर पुलिस की एक टीम मामले की जांच कर रही है। मंगलवार को मृतकों के परिजनों ने यहां आकर पुलिस को बयान दर्ज कराए।
उधर सरूरपुर में इस कंपनी के अंदर निर्माण को लेकर डीटीपीई धर्मबीर खत्री व नगर निगम के एसटीपी रवि सिंगला ने पल्ला झाड़ लिया है। दोनों अधिकारी इस इलाके को अपना अधिकार क्षेत्र होने से इंकार कर रहे हैं। हादसे का कारण लेंटर का अधिक विस्तार होना बताया जा रहा है। इस कारण ही नीचे सैटरिंग खिसकी और लेंटर गिर गया।
क्या दी शिकायत : इनायतपुर, ककोड़, बुलंदशहर यूपी व हाल जवाहर कॉलोनी में किराए पर रहने वाले अनिल कुमार ने मुजेसर थाने में दर्ज कराए मामले में बताया है कि उसका साला रविंद्र उसके पास रहता था। रविंद्र एक बिल्डर ओमप्रकाश के पास काम करता था। सोमवार की सुबह रविंद्र व अन्य मजदूर प्लॉट नंबर- 5, फ्रेंडस कॉलोनी, सरूरपुर में एक कंपनी के अंदर लेंटर डालने के लिए गए हुए थे। रविंद्र व अन्य लड़के प्लॉट में सैटरिंग कर रहे थे। शेष पेज |15
आरोप है कि सैटेरिंग पूरी न होने से पहले ही ठेकेदार रमेश शर्मा, संजय शर्मा, कंपनी मालिक सुनील रतड़ा, ओमप्रकाश ने लेंटर डलवाना शुरू कर दिया।
मौके पर लेबर ने काम करने से मना कर दिया था। करीब आधा लेंटर डलने के बाद वह गिर गया। मौके पर काम कर रहे मजदूर लेंटर के नीचे दब गए। लेंटर गिरने के बाद ठेकेदार व मालिक मौके से फरार हो गए। इसके बाद पुलिस मौके पर आई। उनके साले रविंद्र को बीके अस्पताल भेज दिया गया।
अस्पताल में रविंद्र को मृत घोषित कर दिया। बाकी मजदूरों को दिल्ली सफदरजंग रेफर कर दिया। बाद में दो मजदूरों देव सिंह व ईश्वर की भी मौत हो गई। मिक्सर मशीन के ठेकेदार प्रेमपाल पर भी इस मामले में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। हादसे में घायल होने वालों में सरदार लोधी, विनोद, धन्नाराम, राजू, संदीप, दद्दू, पम्मू व अन्य एक है। मरने वाला देव सिंह सरूरपुर झुग्गी में रहता था। इसके एक बेटी है और पत्नी गर्भवती है।
कैसे हुआ हादसा
सोमवार दोपहर दो बजे सरूरपुर की फ्रेंडस कॉलोनी में एक निर्माणाधीन कंपनी की प्रथम मंजिल पर लेंटर डाला जा रहा था। इसके ऊपर करीब 20 से 25 मजदूर काम कर रहे थे। अचानक लेंटर भरभरा कर नीचे गिर गया। कुछ मजदूर लेंटर के नीचे दब गए जबकि कुछ बच निकलने में कामयाब हो गए। लेंटर के गिरते ही मौके पर चीख पुकार मच गई। हादसे से बचे मजदूरों ने अपने साथियों को बचाने का भरसक प्रयास किया। इसके बाद इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी। मौके पर सभी घायलों को बीके अस्पताल में पहुंचाया गया। शाम को पता लगा कि मलबे के अंदर से एक मजदूर की बॉडी निकली है। इसका नाम खुर्जा बुलंदशहर यूपी निवासी रविंद्र है। इसके बाद दो मजदूरों की मौत हो गई।
शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया है।
राजेंद्र कुमार, एसएचओ, मुजेसर थाना।