फरीदाबाद। वर्ल्ड कप क्रिकेट में इस बार आस्ट्रेलिया की टीम को सबसे मजबूत माना जा रहा है। इससे इस पर सटोरिए बड़ा दांव खेलने की तैयारी में है। क्रिकेट के इस महाकुंभ में करोड़ों रुपए का सट्टा लगाने की तैयारी है। सट्टे की मार्केट में इस बार आस्ट्रेलिया की जीत पर 1 के 2 रुपए मिलेंगे। सटोरियों की पहली पसंद आस्ट्रेलिया ही है। दूसरे नंबर पर साउथ अफ्रीका और तीसरे पर न्यूजीलैंड है। इसके अलावा इस बार सबसे कम दांव अफगानिस्तान, स्कॉटलैंड, आयरलैंड, यूनाइटेड अरब अमीरात पर खेलने की तैयारी है। उधर सट्टेबाजों की धरपकड़ के लिए पुलिस थाने व चौकी स्तर पर छापामारी अभियान चलाने की तैयारी में है।
करोड़ों रुपए लगे दांव पर
सूत्रों के अनुसार इस बार शहर से करोड़ों रुपए दांव पर लगेंगे। हजारों युवा, व्यवसायी व बड़े घराने से जुड़े लोग सट्टेबाजों से संपर्क बनाने में लगे हैं।
प्रदर्शन के आधार पर इंडिया भी टॉप पर
हाल में आस्ट्रेलिया के प्रदर्शन के आधार पर सटोरिए ने इसे टॉप पर रखा है। वर्ल्ड कप में हार के बाद लगातार कई जीत व हाल में इंडिया को मात देने के कारण सटोरियों की पहली पसंद आस्ट्रेलिया है। सटोरियों ने आस्ट्रेलिया पर एक रुपए पर 2 रुपए का दांव खेला है। पिछले वर्ल्ड कप की विजेता
टीम इंडिया टॉप थ्री में भी शामिल नहीं है। हाल के प्रदर्शन के कारण सटोरियों का विश्वास उठा हुआ है।
सभी मैचों पर हैं दांव
वर्ल्ड कप में भाग ले रही सभी 14 टीमों पर सटोरियों ने दांव खेला है। 14 फरवरी से लेकर फाइनल तक सभी मैचों पर दांव फिक्स किए हैं। किस टीम पर कितना दांव है, इसके बारे में सट्टेबाजों ने सार्वजनिक कर दिया है। काफी दिन से इस दांव पर ही करोड़ों रुपए लगाए जा रहे हैं।
सटोरियों की निकाली सूची
पुलिस भी पुराने सटोरियों की लिस्ट खंगालने में लगी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार इस खेल में अधिकतर पुराने सटोरिए ही मैदान में रहते हैं। ये शहर में अपने क्लाइंट तलाशते रहते हैं। इसलिए इस खेल पर अंकुश के लिए पुराने सटोरियों की सूची को खंगाला जा रहा है। मैच के दौरान इन पर विशेष रूप से नजर रहेगी।
पुलिस भी है तैयार
पुलिस कमिश्नर सुभाष यादव का कहना है कि इस बारे में आदेश दिए गए हैं। उनकी सटोरियों पर पैनी नजर है। सीआईए यूनिट, चौकी, थाना प्रभारियों को गश्त करने और इनकी हर गतिविधि पर नजर रखने को कहा गया है। पुराने सटोरियों का पता लगाया जा रहा है। आम जनता से भी उन्होंने अपील की है कि वे इस बारे में पुलिस का सहयोग करें।
कहां से आती है लाइन और कैसे खेला जाता है
सूत्रों के अनुसार इंग्लैंड से इस सट्टे की लाइनें दिल्ली पहुंचती हैं। इंग्लैंड में इस खेल को कानूनी मान्यता के अनुसार खेला जाता है। लेकिन इसमें फिक्सिंग शामिल नहीं होती। दिल्ली में लाइन लेने वाला सटोरिया फरीदाबाद सहित अन्य शहरों में लाइन बेचता है। इसके बाद शहर में लाइन का ठेका लेने वाला पंटरों को सट्टा खिलाता है। सट्टा खेलने के लिए पंटर को एक गारंटर की जरूरत होती है। इसके पैसे का हिसाब किताब मैच के अगले दिन करना जरूरी होता है।