पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

तीन दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली, अज्ञात युवती की हत्या का मामला

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

बल्लभगढ़. नेशनल हाइवे पर गुड ईयर चौक के पास गुरुवार रात गंभीर रूप से घायलावस्था में मिली युवती की मौत के 3 दिन बाद भी शिनाख्त नहीं हो सकी है। उसकी पहचान के लिए पुलिस आसपास के शहरों की पुलिस से संपर्क कर रही है। उसके पोस्टर भी सार्वजनिक किए गए हैं लेकिन अभी तक सफलता नहीं मिल सकी है।पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसके पेट में धारदार हथियार से पांच वार करने की बात सामने आई है। रेप की पुष्टि रिपोर्ट में नहीं हुई है।पुलिस का मानना है कि युवती की पहचान के बाद उसकी हत्या के रहस्य से पर्दा उठ सकेगा।

नेशनल हाइवे पर गुड ईयर चौक के समीप सड़क किनारे से पुलिस को गुरुवार रात गंभीर रूप से घायल 25 वर्षीय युवती मिली थी। इसके पेट में धारदार हथियार से वार किए गए थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया था कि युवती को एक चलती कार से फेंका गया। युवती को पुलिस ने सेक्टर 8 स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां उपचार के दौरान शुक्रवार दोपहर युवती ने दम तोड़ दिया था।

उसकी पहचान नहीं हो सकी थी। शनिवार व रविवार को युवती की शिनाख्त के लिए अस्पताल में काफी लोग पहुंचे, लेकिन किसी ने उसकी पहचान नहीं की। पुलिस ने यूपी, राजस्थान, दिल्ली सहित अन्य शहरों की पुलिस को भी सूचना व मृतक युवती की फोटो भेजी है। इसके अलावा पुलिस के सभी वाहनों पर मृतक युवती के पहचान संबंधी जानकारी व फोटो चिपकाए गए हैं।

अब पुलिस उस रात बदरपुर टोल प्लाजा पर रात 11 से साढ़े 11 के बीच दिल्ली की तरफ गए वाहनों की डिटेल निकलवाएगी। सेक्टर-7 पुलिस चौकी के इंचार्ज प्रदीप मोर के अनुसार युवती की मौत पेट में चाकू के वार के कारण हुई है।चाकू लगने से युवती के पेट की कई नसें कट गई थीं। युवती के पास पहचान संबंधी कोई सबूत नहीं था। उसकी पहचान के लिए कई बिंदुओं पर काम किया जा रहा है।