पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंफरीदाबाद. गैंगरेप की शिकार एक महिला के घर पर रात को गोली चलाने का मामला सामने आया है। गोली खिड़की से महिला के बेडरूम में चला गई थी। गोली बेड में जा धंसी। वारदात रात सवा दो बजे की है। चार युवकों के खिलाफ जानलेवा हमला करने का मामला दर्ज किया गया है।
चार युवकों में से तीन युवकों के खिलाफ महिला ने दिसंबर 2011 में गैंगरेप का मामला दर्ज कराया था। चौथे युवक पर महिला को अक्सर धमकी देने का आरोप है। इससे पहले भी 24 अप्रैल 2013 को महिला ने एक आरोपी पर अश्लील फब्तियां कसने और धमकी देने का मामला दर्ज कराया था। महिला का आरोप है कि उसे जिंदा जला देने की धमकी मिल रही हैं।
क्या है आरोप
महिला का आरोप है कि गैंगरेप का मुकदमा दर्ज कराने के बाद उसे लगातार फोन पर धमकियां मिल रही हैं। आरोपियों की तरफ से कुछ लोग उस पर राजीनामे का दबाव बनाने लगे। महिला को फोन पर जिंदा जला देने और परिवार को खत्म कर देने की धमकियां दी जाने लगी। 13 सितंबर 2012 को उसने सारन थाने में धमकी मिलने की शिकायत दी लेकिन पुलिस ने नहीं सुनी। 11 फरवरी को दोबारा थाने में शिकायत दी गई।
जब थाने में उसकी शिकायत पर सुनवाई नहीं हुई, तो उसने पुलिस कमिश्नर को इसी दिन शिकायत दी। 24 अप्रैल को वह अपने घर से पुलिस कमिश्नर दफ्तर जाने के लिए निकली। रास्ते में उसको मनोज मिल गया। आरोप है कि मनोज ने उसे गालियां दी और मुकदमा वापस लेने की धमकी दी। मनोज के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। महिला का कहना है कि शनिवार रात वह घर के अंदर बेडरूम में सो रही थी। तभी रात सवा दो बजे तेज धमाके की आवाज आई। बाहर देखा तो कोई नहीं था।
पता लगा कि किसी ने खिड़की से गोली मारी है। गोली उसके बेड में धंसी हुई थी। महिला ने आशंका जाहिर की है कि यह गोली गैंगरेप के आरोपियों द्वारा ही चलाई गई है। इसलिए उसने शिकायत में मनोज, तेजा, भगवत व रफीक के नाम लिखवाए हैं। चौकी इंचार्ज पर्वतीय कॉलोनी तेजराम ने बताया कि मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी गई है।
बाइकर्स ने कार सवार युवकों पर गोली चलाई
खेड़ी पुल के पास बाइक सवार दो युवकों ने स्विफ्ट सवार दो युवकों पर गोली चला दी। दोनों युवक ऐनवक्त झुक गए जिससे गोली के कार के आगे के शीशे को तोड़ती हुई पीछे के शीशे से निकल गई।पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। मामले में पुलिस एक भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर पाई है।
क्या है मामला : न्यू भारत कॉलोनी निवासी अशोक कुमार ने भूपानी थाने में दी शिकायत में बताया कि रात करीब 9-30 बजे खेड़ी पुल के पास उसको सेठी व बिल्लू शराब के ठेकेदार मिल गए। शराब ठेकों को लेकर उसकी सेठी से कहासुनी हो गई। कुछ ही देर में मौके पर यूपी निवासी टिंकू व सेठी का साला गौरव और कई अन्य युवक वहां आ गए। अशोक ने अपने एक दोस्त राजन को भी खेड़ी पुल बुला लिया।
दोनों कार से घर जाने लगे।तभी सेठी आदि ने फायर कर दिया।गोली कार के अगले शीशे को तोड़ती हुई पिछली सीट वाले शीशे से निकल गई। इसके बाद इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी। मौके पर पुलिस ने आकर जांच शुरू की और केस दर्ज कर लिया।
छात्रा पर तेजाब फेंकने की धमकी
एक साल से छात्रा को तेजाब फेंकने की धमकी देने व अक्सर रास्ते में धमकी व गालियां देने वाले आरोपी को कोतवाली थाना पुलिस ने अरेस्ट कर लिया है। एनआईटी निवासी एक किशोरी ने कोतवाली थाने में दी शिकायत में बताया कि उसने इसी वर्ष 12वीं के पेपर दिए हैं। छात्रा ने बताया कि एक साल से टाउन नंबर 2-3 चौक के पास रहने वाला मन्नी सचदेवा उर्फ सौरभ सचदेवा उसको तंग कर रहा है।
छात्रा ने समाज में बदनामी के डर से इस बात को किसी को नहीं बताया। युवक छात्रा का लगातार पीछा करता रहा। छात्रा ने कई बार मन्नी को समझाया लेकिन इसने छात्रा को तेजाब फेंकने की धमकी दी। 10 मई को भी स्कूल से अपने भाई को लाते समय छात्रा का मन्नी ने पीछा किया। 11 मई को जब छात्रा अपनी मां के साथ नानी के घर जा रही थी, तो रास्ते में मन्नी मिल गया।
फर्नीचर मार्केट की गली में मन्नी ने उसको व उसकी मां को गाली दी तथा उन दोनों को धमकी देकर भगा दिया। छात्रा ने बताया कि युवक अक्सर उसके घर के आसपास खड़ा रहता है और अश्लील हरकतें करता है। शनिवार को इसकी शिकायत कोतवाली थाने में दी गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.