फरीदाबाद. बाटा पुल के पास स्क्रैप मार्केट में स्थित एक मकान में सोमवार रात करीब ढाई बजे सिलेंडर फट गया। इस कारण मकान में आग लग गई और कुछ देर बाद मकान धराशायी हो गया। फायर ब्रिगेड की गाड़ी ने आग पर काबू पाया। हादसे में किसी को चोट नहीं लगी है। घर में केवल मकान मालिक था। बाकी परिवार शादी में गया हुआ था। आशंका है कि रसोईघर में सिलेंडर से गैस लीक होने से आग लगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कैसे लगी आग
मिली जानकारी के अनुसार गगन सिनेमा स्क्रैप मार्केट में रहने वाले ओमप्रकाश ने बताया कि वह ऑटो चलाते हैं। सोमवार रात को उनके परिवार के सदस्य एक शादी में गए हुए थे। वह मकान के अंदर सो रहे थे। देररात करीब ढाई बजे अचानक ओमप्रकाश का दम घुटने लगा। इस कारण इनकी नींद टूट गई। उन्होंने कमरे के बाहर देखा तो चारों तरफ धुआं ही धुआं था। नीचे झांककर देखा तो रसोई घर व आसपास मकान में आग लगी थी। इसके बाद ओमप्रकाश मकान से बाहर आए। कुछ देर में तेज धमाके के साथ रसोई घर के अंदर रखा हुआ सिलेंडर फट गया। सिलेंडर फटने के बाद मकान में दरार पड़ गई। इस कारण मकान की दीवार टूट गई और वह गिर गया। आसपास काफी लोग जमा हो गए थे। उधर सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंच गई। फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया। ओमप्रकाश ने मकान के अंदर जाकर निरीक्षण किया। मकान में रखा सामान जल गया।