पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

बिजली-पानी के लिए हाइवे जाम

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
होडल. चार दिन से बिजली-पानी की समस्या से परेशान शहर के लोगों ने शुक्रवार को शहर में जुलूस निकाला। इसके बाद हसनपुर चौक पर पहुंच कर हाइवे जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व विधायक जगदीश नायर कर रहे थे। लगभग तीन घंटे तक हाइवे जाम रहने से दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। इसकी सूचना मिलते ही होडल के डीएसपी, थाना प्रभारी, एसडीएम व बिजली निगम के एसडीओ मौके पर पहुंच गए। इन्होंने तुरंत बिजली शुरू कराई। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने जाम खोला।
शुक्रवार सुबह शहर के लोग विधायक जगदीश नायर के नेतृत्व में जुलूस निकालते हुए अनाज मंडी, जगजीवन राम चौक, पुरानी सब्जी मंडी, पुरानी अनाज मंडी, राजीव गांधी चौक व गौशाला मार्केट होते हुए हसनपुर चौक पहुंचे। यहां हाइवे पर ये बैठ गए।इससे यातायात जाम हो गया।
प्रदर्शनकारी सरकार व बिजली निगम के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। जाम की सूचना मिलते ही होडल के डीएसपी राजबीर सिंह दहिया व थाना प्रभारी अश्विनी कुमार पुलिस बल लेकर मौके पर पहुंचे। पुलिस के लाख समझाने के बाद भी प्रदर्शनकारियों ने जाम नहीं खोला। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि बिजली निगम जान बूझकर जनता को परेशान कर रहा है। तीन दिन की हड़ताल होने के कारण बिजली निगम के कर्मचारियों ने जान बूझकर बिजली व्यवस्था को बिगाड़ दिया है।
चार दिन से बिजली न आने से लोग पानी के लिए तरस रहे हैं। बिजली निगम के अधिकारियों से इस संबंध में बात की जाती है तो वे उनके फोन बंद मिलते हैं। पुलिस के समझाने के बाद भी जब प्रदर्शनकारियों ने जाम नहीं खोला तो होडल के एसडीएम सत्यवान इंदौरा व तहसीलदार धर्मपाल मौके पर पहुंचे।
बिजली निगम के एसडीओ अनिल कुमार को भी मौके पर ही बुलाया गया। उन्होंने तुरंत शहर की बिजली शुरू कराई। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने जाम खोला। लगभग तीन घंटे तक लगे रहे जाम के कारण वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
जाम में फंसे यूपी रोडवेज के बस चालक मथुरा निवासी प्रताप सिंह ने कहा कि वह दो घंटे से जाम में फंसे हैं। ट्रक चालक अलीगढ़ निवासी राममोहन ने कहा कि वे आगरा से दिल्ली ट्रक में सामान लेकर जा रहे हैं। डेढ़ घंटे से जाम में फंसे खड़े रहे।