फरीदाबाद। अगर अपने शहर में देश व विदेश के लोकप्रिय व्यंजनों का आनंद लेना चाहते हैं, तो सीधे सूरजकुंड आएं। यहां पर्यटकों को खाने-पीने के लिए देश-विदेश की बेस्ट डिश मिल रही हैं। ये पर्यटकों को खूब भा रही हैं। यदि आप खाने-पीने के शौकीन हैं तो मेले में जाइए और यहां के स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद लीजिए।
छत्तीसगढ़ के व्यंजन
छत्तीसगढ़ की प्रतिनिधि श्वेता शर्मा के अनुसार उनके यहां चावल से तैयार विभिन्न खाने की वस्तुओं को रखा गया है। इसमें पकौड़ों से लेकर मिठाई तक में चावल का प्रयोग किया गया है। श्वेता के अनुसार छत्तीसगढ़ थाली में खापोरी रोटी, उड़द वाडा, जिम्मीकंद, गदाली भाजी व दाल शामिल है। मेले में आने वाले लोग छत्तीसगढ़ के स्टाल पर जाकर इस थाली का पूरा लुत्फ ले रहे हैं। इसके अलावा तशमाई, इमरती, गुलगुला भी परोसा जा रहा है। लहसुन की चटनी, मिर्च की चटनी, चावल के पकौड़े, चिल्ला, पापड़ व प्याज व टमाटर से बनी डिश भी पर्यटकों को काफी पसंद आ रही है। श्वेता के अनुसार ज्यादातर लोग तशमाई, गुलगुला, खापोरी रोटी, उडद वाडा, जिम्मीकंद और गादली भाजी पसंद कर रहे हैं।
लेबनान के व्यंजन
मेला परिसर में लेबनान ने भी खाने-पाने का स्टाल लगाया है। जहां अनेक व्यंजनों का लुत्फ लिया जा सकता है। स्टाल संचालक आमिर तुतुरजी व उनके भारतीय सहयोगी मोहम्मद वसीम के अनुसार उनके स्टॉल पर फलाफल, मनकुशा, चिकन नागेटस और फलाफल रोल आदि हैं। वसीम के अनुसार लेबनान के व्यंजन लोगों को काफी पसंद आ रहे हैं। यही वजह है कि मेले में उन्हें अच्छा रिस्पांस मिल रहा है।
सोया के व्यंजन
मेला में सोया से तैयार व्यंजनों को भी काफी पसंद किया जा रहा है। राजन मिश्रा जिन्होंने पहली बार फूड स्टाल में सोया से तैयार वस्तुओं को सजाया है। इनमें सोया चिका रोगन जोश, सोया इंडी फ्राइज, सोया चिका व सोया सीख कबाब आदि हैं। राजन का कहना है कि उनके स्टाल पर ये सभी व्यंजन वेजीटेरियन हैं।
पाकिस्तान की मुगलई
मेले में मुगलई फूड को भी काफी पसंद किया जा रहा है। यह व्यंजन पाकिस्तान के फूड स्टाल में लगाया गया है। इसमें मुगलई फूड विशेष रूप से उपलब्ध कराया जा रहा है। स्टाल संचालक मोहम्मद तोशीफ के अनुसार वे वेजीटेरियन व नान वेजीटेरियन दोनों ही प्रकार के व्यंजन लोगों को उपलब्ध करा रहे हैं। व्यंजनों की विशेषता के बारे में वे बताते हैं कि दम बिरयानी, फ्राइड फिश, चिकन टिक्का, कबाब रोल, मटन टिक्का और चिकन कबाब इत्यादि शामिल हैं। तोशीफ के अनुसार वे इस मेले में दूसरी बार आ रहे हैं। वे अपने यहां के व्यंजनों से लोगों से रूबरू करा रहे हैं।
दक्षिण का स्वाद भी
मेले में दक्षिण भारत के स्टाल भी फूड कोर्ट में दिखाई दे रहे हैं। स्टॉल मैनेजर संजय जोश के अनुसार उनके यहां डोसा, इडली-सांभर काफी ज्यादा पसंद किया जा रहा है। इसके अलावा उनके इस स्टाल में समोसा, सैंडविच, कचौड़ी, वेजीटेरियन मोमोज भी उपलब्ध है। लोग इडली-डोसा का खूब आनंद ले रहे हैं।
कुल्फी का भी आनंद
तिलकराज दी कुल्फी के स्टाल पर कभी भी आप भीड़ देख सकते हैं। इस स्टाल पर मलाई कुल्फी, पिस्ता कुल्फी, चाकलेट कुल्फी, मैंगो कुल्फी, पान कुल्फी, और मटका कुल्फी का आनंद लिया जा सकता है। मेले में आने वाले दर्शक कुल्फी को काफी पसंद कर रहे हैं।
राजस्थानी व्यंजन
राजस्थान ने भी फूड कोर्ट में अपने यहां के प्रसिद्ध व्यंजन रखे हैं। स्टाल संचालक नारायण लाल के अनुसार उनके यहां दाल बाटी चूरमा, प्याज कचौड़ी, बाजरे की रोटी, मिस्सी रोटी, गट्टे की सब्जी, केर सांगरिया आदि उपलब्ध है। नारायण के अनुसार वे इस मेले में 12 साल से आ रहे हैं। इसके अलावा हरियाणा पर्यटन विभाग मेले में लोगों को विभिन्न व्यंजन व खानपान की वस्तुएं उपलब्ध कर रहा है। इसमें वेजीटेरियन व नान वेजीटेरियन व्यंजन दोनों ही पसंद किए जा रहे हैं। इसके अलावा मीठा भी है।
इसमें केसर खीर, अमृतसरी कुलचा, राम लड्डू और पाव भाजी आदि हैं।