फरीदाबाद। फरीदाबाद संसदीय क्षेत्र के तहत आने वाली नौ विधानसभा सीटों पर कांग्रेस ने जो उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतारे हैं उनमें से अधिकांश पुराने चेहरे हैं। छह विधानसभा सीटों पर पार्टी ने कोई फेरबदल नहीं किया है। केवल तीन सीटों पर ही नए चेहरे हैं। पार्टी की ओर से जारी सूची में जातीय समीकरण का भी पूरा ध्यान रखा गया है। उसने गुर्जर, ब्राह्मण, वैश्य, जाट, पंजाबी, मुस्लिम व दलित समुदाय के प्रत्याशी मैदान में उतारे हैं।
बडख़ल विधानसभा क्षेत्र से खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री महेन्द्र प्रताप सिंह को चुनाव मैदान में उतारा गया है। महेंद्र प्रताप लगातार पांच बार से चुनाव जीतते आ रहे हैं। तिगांव विधानसभा क्षेत्र से ललित नागर को पार्टी ने चुनावी मैदान में उतारा है। नागर पिछली बार वर्तमान केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर को कड़ी टक्कर दी थी। वे करीब आठ सौ वोटों से चुनाव हार गए थे। चुनाव हारने के बाद से ही वे लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहे। इसी कारण पाटी ने उन्हें दोबारा टिकट दिया है।
फरीदाबाद शहरी विधानसभा क्षेत्र से विधायक आनंद कौशिक पर फिर पाटी ने दांव खेला है। जबकि पृथला विधानसभा क्षेत्र से विधायक रघुबीर सिंह तेवतिया को पाटी ने कैंडीडेट बनाया है। तेवतिया की क्षेत्र में अच्छी पकड़ होने से पाटी ने उन पर भरोसा किया है। जबकि पलवल विधानसभा क्षेत्र से पूर्व मंत्री करण सिंह दलाल पर पाटी ने इस बार जीत की आशा लगाते हुए फिर टिकट दी है। दलाल पिछली बार थोड़े वोटों से हार गए थे। इसी तरह होडल विधानसभा क्षेत्र से पूर्व विधायक उदयभान को उम्मीदवार घोषित किया गया है। उदयभान ने पिछली बार करीब 44 हजार वोट हासिल किए थे। लेकिन वे इनेलो के जगदीश नायर से हार गए थे। पाटी ने इस बार जीत की आस में उन्हें मैदान में उतारा है।
लखन सिंगला और गुलशन बग्गा पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं। दोनों नेता कांग्रेस से लंबे समय से जुड़े हुए हैं। बल्लभगढ़ से मुख्य संसदीय सचिव शारदा राठौर के चुनाव लड़ने से मना करने पर लखन सिंगला को पाटी ने टिकट दिया है। इसी तरह एनआईटी विधानसभा क्षेत्र से गुलशन बग्गा को पाटी ने मैदान पर उतारा है। यहां से पाटी पूर्व मंत्री एसी चौधरी को टिकट दे रही थी। लेकिन उन्होंने टिकट लेने से मना कर दिया। इसके बाद बग्गा को पाटी ने टिकट दी है। इसके अलावा हथीन विधानसभा सीट से हुड्डा सरकार के खेवनहार बने निर्दलीय विधायक जलेब खां पर कांग्रेस ने दांव लगाया है।