पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

सीएम ने की घोषणा- फरीदाबाद-गुड़गांव के बीच चलेगी मेट्रो

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
फरीदाबाद। मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर ने फरीदाबाद व गुड़गांव को मेट्रो रेल सेवा से जोड़ने की घोषणा की। उन्होंने कहा यह योजना तय हो चुकी है। जल्द ही इस योजना पर कार्य शुरू किया जाएगा। फरीदाबाद और गुड़गांव दोनों प्रदेश के विकासशील शहर हैं। वर्तमान में फरीदाबाद को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के साथ मेट्रो से जोड़ा जा रहा है। इसके अलावा उन्होंने शहर वासियों को सीवरेज समेत अन्य समस्याओं की सुनने के बाद उनके समाधान का भी आश्वासन दिया।
2031 तक पर्याप्त पानी
मुख्यमंत्री ने रविवार को बल्लबगढ़ विधानसभा क्षेत्र के गांव ऊंचा गांव में जल आपूर्ति वृद्धि योजना के पहले चरण का उद्घाटन किया। इस परियोजना के पहले चरण में 10 रैनीवेल और 180 ट्यूबवेल लगाने के अलावा 210 किलोमीटर लंबाई की पाइप लाइन बिछाई गई है। इस पर 438 करोड़ रुपए की राशि खर्च हुई है।
यह पूरी परियोजना पूर्ण होने के बाद जिले में 398 एमएलडी पेयजल मिलेगा, जोकि 2031 तक जनसंख्या के लिए पर्याप्त होगा। सीएम ने कहा कि अगले वर्ष दिसंबर के अंत तक शहर की पेयजल की समस्या दूर हो जाएगी। तब तक पेयजल वृद्धि योजना के सभी पांचों चरण पूरे कर लिए जाएंगे। उन्होंने बल्लभगढ़ क्षेत्र की सात सड़कों को आरएमसी से बनवाने की घोषणा की।

पार्षदों को दी जाएगी ग्रांट: मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की स्थानीय निकाय संस्थाओं की हालत अच्छी नहीं हैं। इनमें जहां एक ओर कर्मचारियों की कमी है। दूसरी ओर ये वित्तीय संकट से जूझ रहीं हैं। उन्होंने बताया कि हाल ही में नगर पालिकाओं को मुख्यमंत्री के कोष से 100 करोड़ रुपए की राशि जारी की गई है। जिससे ये अपना काम चला सकें। उन्होंने कहा, अगले वित्त वर्ष में नगर निगमों व नगर परिषदों को भी राशि जारी की जाएगी। उनमें रिक्त पदों को भरा जाएगा। सीएम ने यह भी कहा कि पार्षदों को उनके वार्ड की जनसंख्या के हिसाब से विकास कार्यों के लिए ग्रांट दी जाएगी। उन्हें और अधिकार भी दिए जाएंगे। जिससे वे लोगों की बेहतर ढंग से सेवा कर सकें।
अवैध कॉलोनी में बढ़ेंगी सुविधा
सीएम ने कहा कि प्रदेश में लगभग 3000 अवैध कॉलोनी है। इनमें पिछली सरकारों ने सुविधा नहीं दी। उन्हें उपेक्षित रखा। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब इन कॉलोनियों में मूलभूत सुविधाएं दी जाएंगी। जिससे जिन गरीब लोगों ने अपने जीवन भर की कमाई लगाकर इनमें मकान बनाया है। उन्हें राहत पहुंचाई जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि सस्ते आवास अर्थात अफोर्डेबल हाउसिंग स्कीम को बढ़ावा दिया जाएगा। जिससे सभी गरीब परिवारों को आवास की सुविधा मिल सके। इस मिशन को सन 2020 तक पूरा किया जाएगा।

सांसद ने बताई सीएम को समस्याएं

केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने शहर में सीवरेज प्रणाली व पानी निकासी की प्रणाली को दुरुस्त कराने व पेयजल की समुचित व्यवस्था करने की मांग रखी। उन्होंने फरीदाबाद व गुड़गांव को मेट्रो से जोड़ने की भी मांग रखी। उनकी इस मांग को मुख्यमंत्री ने मौके पर ही पूरा कर दिया। गुर्जर की अगुवाई में मुख्यमंत्री की उपस्थिति में हरियाणा जनहित कांग्रेस के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने आज भाजपा में शामिल होने का ऐलान किया। इनमें हजकां नेता डॉ. तेजपाल शर्मा, आजाद भड़ाना, सुनील कौशिक, नंद किशोर, सतवीर शर्मा प्रमुख है।
मुख्यमंत्री ने हजकां छोड़कर भाजपा में शामिल हुए सभी कार्यकर्ताओं का स्वागत किया। इस मौके पर बल्लभगढ़ के विधायक मूलचंद शर्मा ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इस दौरान केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्ण पाल गुर्जर, पार्षद अजय बैसला, विधायक सीमा त्रिखा, विधायक टेकचंद शर्मा, पूर्व सांसद रामचंद्र बैंदा, हरियाणा फार्मेसी काउंसिल के वाइस प्रेसिडेंट धनेश अधलखा, भाजपा जिलाध्यक्ष अजय गौड़, नयनपाल रावत, शिवदत्त वशिष्ठ आदि मौजूद थे।
(फोटो- ऊंचा गांव में बूस्टर का उद्घाटन करते मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट‌्टर।)