पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

उम्मीदवारी पर भाजपा में जमकर घमासान, शुरू हुआ इस्तीफे औऱ पुतले फूंकने का दौर

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
फोटो- ओल्ड फरीदाबाद में काले झंडे लेकर जुलूस निकाल कर रोष प्रकट करते बीजेपी कार्यकर्ता।
फरीदाबाद। फरीदाबाद शहरी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा टिकट न मिलने से नाराज प्रवेश मेहता के समर्थकों ने रविवार को सांसद एवं केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर का पुतला फूंका। इस दौरान उन्होंने गुर्जर के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। काफी संख्या में समर्थकों ने भाजपा से इस्तीफा भी दे दिया। भाजपा छोडऩे वाले कार्यकर्ताओं ने पार्टी पर आरोप लगाया कि जब प्रवेश मेहता जैसे निष्ठावान और ईमानदार कार्यकर्ता के साथ ऐसा हो सकता है तो फिर उनके साथ भी आगे ऐसा हो सकता है। इसलिए उनका भाजपा में रहने का कोई औचित्य नहीं है।

भाजपा पर टिकट बेचने का आरोप

मेहता के समर्थकों ने आरोप लगाया कि जिस व्यक्ति को भाजपा ने टिकट दिया है, वह भाजपा में आज तक किसी पद पर रहा ही नहीं है। ऐसे में पार्टी ने उसे कैसे टिकट दे दिया है। समर्थकों ने आरोप लगाया कि भाजपा में टिकट बेचे गए हैं। यदि ऐसा न होता तो भाजपा उन लोगों को टिकट देती जो संगठन के लि‍ए पूरी ईमानदारी के साथ से सालों मेहनत कर रहे हैं। गौरतलब है कि फरीदाबाद विधानसभा क्षेत्र से टिकट के प्रबल दावेदार माने जा रहे पूर्व प्रत्याशी प्रवेश मेहता की जगह इस बार पार्टी ने विपुल गोयल को प्रत्याशी बनाया है। जिससे मेहता व उनके समर्थक नाराज हो गए हैं। कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने विपुल गोयल को भाजपा का प्रत्याशी बनाने का ठीकरा कृष्णपाल गुर्जर पर फोड़ते हुए अपने पदों व सदस्यता से इस्तीफा दे दिया।
गुर्जर ने कटवाया मेरा टिकट : मेहता
उधर प्रेस वार्ता के दौरान प्रवेश मेहता ने कहा कि उन्होंने पार्टी के लि‍ए बहुत मेहनत की है। 1993 में जब वे मंडल अध्यक्ष थे तो कृष्णपाल गुर्जर भाजपा में शामिल हुए थे। आज वही गुर्जर पुराने कार्यकर्ताओं की अनदेखी कर अपने नजदीकी लोगों को टिकट दिलवा रहे हैं। मेहता ने केंद्रीय राज्यमंत्री पर आरोप लगाया कि उन्होंने ही उनका टिकट कटाया है। गुर्जर पर आरोप लगाते हुए मेहता ने कहा कि उन्होंने अपने खास चहेते विपुल गोयल को उम्मीदवार बनाकर भाजपा को इस सीट से हरवाने का कार्य किया है। मेहता के अनुसार रविवार को दो मंडल अध्यक्ष सहित सौ से अधिक लोगों ने भाजपा को अलविदा कह दिया है। मेहता ने कहा वे पार्टी को टिकट वितरण पर पुनर्विचार करने के लिए दो दिन का समय देते हैं। यदि इस दौरान पार्टी ने इस मुद्दे पर कुछ नहीं कि‍या तो वे दो दिन बाद चुनाव लड़ने के बारे में विचार विमर्श करेंगे। इस मौके पर विजय यादव, मामचंद, बृजपाल ठाकुर, जावेद खान, कीमती लाल सहगल, धर्मवीर चौधरी, प्रीतपाल सिंह, सुखलाल सैनी, पृथ्वी गांधी, सुरेंद्र भदौरिया, नेतराम गुर्जर सहित बड़ी संख्या में लोगों ने अपने-अपने पदों से इस्तीफा दे दिया।
आगे की स्लाइड्स में देखें औऱ फोटो...